फोटो गैलरी

Hindi Newsयमुना एक्सप्रेस-वे पर बदमाशों का कहर, दो ग्रामीण घायल

यमुना एक्सप्रेस-वे पर बदमाशों का कहर, दो ग्रामीण घायल

यमुना एक्सप्रेस-वे पर सफर रात ही नहीं बल्कि दिन में भी सुरक्षित नहीं रहा है। शनिवार दोपहर बदमाशों ने एक्सप्रेस-वे पर बेखौफ होकर बाइक व 50 हजार की नकदी लूट ली। वहीं भागते समय पुलिस टीम व ग्रामीणों पर...

यमुना एक्सप्रेस-वे पर बदमाशों का कहर, दो ग्रामीण घायल
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 25 Feb 2017 07:39 PM
ऐप पर पढ़ें

यमुना एक्सप्रेस-वे पर सफर रात ही नहीं बल्कि दिन में भी सुरक्षित नहीं रहा है। शनिवार दोपहर बदमाशों ने एक्सप्रेस-वे पर बेखौफ होकर बाइक व 50 हजार की नकदी लूट ली। वहीं भागते समय पुलिस टीम व ग्रामीणों पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिसमें दो ग्रामीण घायल हो गए। बदमाश लूटी गई बाइक जेवर टोल प्लाजा पर छोड़कर भाग गए। उधर गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर बदमाशों ने मिलीभगत का आरोप लगाते हुए एक्सप्रेस-वे पर डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा।

पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे रिक्शा चालक सलीम निवासी टप्पल इंटरचेंज के निकट अंबेडकर पार्क पर खड़ा हुआ था। इसी दैारान होण्डा साइन बाइक संख्या यूपी 13 एजे 2347 पर आए दो युवकों ने बाइक से रिक्शे में टक्कर मार दी। विरोध करने पर सलीम के साथ मारपीट शुरु कर दी। शोर मचने पर स्थानीय लोग व मौजूद पुलिस रिक्शा चालक को बचाने के लिए दौड़े तो बाइक सवार बदमाश अपनी बाइक छोड़ते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे की तरफ भागे और पुलिस व ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी।

एक्सप्रेस-वे पर बदमाशों ने सामने से आ रहे बाइक सवार देवेन्द्र सैनी निवासी गांव अलीपुर थाना कदौरा, जालौन व अवधेश से तमंचा की नोंक पर बाइक लूट ली। वहीं देवेन्द्र के हाथ में लगा बैग भी लूट लिया। देवेन्द्र के मुताबिक बैग में बहन की लगुन के लिए बैंक से निकाले गए 50 हजार रुपये थे। लूटी गई बाइक को बदमाश जेवर टोल प्लाजा पर छोड़कर भाग गए। फायरिंग करन पुत्र नेकराम निवासी टप्पल व मारपीट में रिक्शा चालक सलीम घायल हो गए।

0-ग्रामीणों का गुस्सा, बदमाशों पर पुलिस ने क्यों नहीं की फायरिंग

बदमाशों के भागने के बाद ग्रामीणों ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर गांव स्यारौल के निकट जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बदमाशों को पुलिस जानती है। अगर ऐसा नहीं होता तो पुलिस ने बदमाशों पर एक भी फायर क्यों नहीं किया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस और बदमाशों के बीच मात्र एक मीटर की दूरी थी। अगर पुलिस फायरिंग करती तो बदमाश भागने में कामयाब नहीं होते। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एडीएम प्रशासन आरएन शर्मा, एसपी देहात संकल्प शर्मा, एसडीएम खैर दिलीप कुमार मय फोर्स के पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बमुश्किल समझाते हुए जाम खुलवाया।

0-बिना रिवाल्वर के ही दैाड़ गए इंस्पेक्टर

बदमाशों को पकड़ने के लिए इंस्पेक्टर टप्पल बिना रिवाल्वर के ही दौड़ पड़े। जिस समय इंस्पेक्टर को बदमाशों की सूचना मिली तो वह नूरपुर मोड़ से एक्सप्रेस-वे की तरफ भागे। वहीं दौड़ते समय उनका सीयूजी मोबाइल भी गिर गया। हालांकि मोबाइल टप्पल के शाकिर को मिला तो बाद में इंस्पेक्टर को लौटा दिया।

0-बहन की लगन कैसे चढ़ेगी

बदमाशों का शिकार नोएडा में कार्यरत जालौन निवासी युवक देवेन्द्र सैनी भी हुआ। देवेन्द्र के अनुसार वह अपने घर बहन की शादी के लिए जा रहा था। रविवार को लगन की रस्म होनी है। इसके लिए बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकाले थे।

0-आखिर बदमाशों का मकसद क्या था

यमुना एक्सप्रेस-वे पर लूटपाट व पुलिस और ग्रामीणों पर फायरिंग करने वाले बदमाशों का मकसद आखिर क्या था। क्योंकि बदमाशों ने सबसे पहले रिक्शा चालक के साथ मारपीट की। अगर वह लूटपाट के इरादे से ही आए थे तो रिक्शा चालक से भिड़कर उन्हे क्या हासिल हुआ। वहीं सबसे बड़ी बात कि बदमाश अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गए। वहीं एक्सप्रेस-वे पर दौड़ते-दौड़ते पुलिस और ग्रामीणों पर फायरिंग की। इस दौरान एक बाइक सवार को लूट भी लिया और फिर वह लूटी गई बाइक भी जेवर टोल प्लाजा पर छोड़ गए।

0-डायल-100 की गाड़ी गश्त पर फिर भी बदमाश भाग गए

बीते दिनों जनपद पुलिस को यूपी-100 की इनोवा व बोलेरो कारें मिली थी। इन वाहनों को आला अधिकारियों ने जिलेभर में गश्त पर लगाए जाने का दावा किया। हैरत की बात है कि जिले की सीमा के अर्न्तगत आने वाले यमुना एक्सप्रेस-वे पर पुलिस की यह गाड़िया उस समय कहां थी जब बदमाश लूटपाट कर भाग रहे थे। वहीं उनका पीछा कर रहे पुलिसकर्मी भी पैदल दौड़े जा रहे थे।

0-वर्जन

टप्पल क्षेत्र में समौसे की दुकान पर दो युवकों को झगड़ा हुआ था। जहां से बचने के लिए दोनों एक्सप्रेस-वे की तरफ भागे। इस दौरान दोनों ने पुलिस टीम व ग्रामीणों पर तमंचों से फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो ग्रामीणों के छर्रे लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान की जा रही है।

-संकल्प शर्मा, एसपी देहात

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें