फोटो गैलरी

Hindi Newsसुनो सुनो...भगोड़ा है मनोज गोयल

सुनो सुनो...भगोड़ा है मनोज गोयल

नेहरू नगर (हरीपर्वत) कालोनी में शनिवार को पुलिस ने मुनादी पिटवाई। ढोल की थाप पर यह घोषणा की गई कि मनोज गोयल तेल चोरी में भगोड़ा है। अदालत ने उसकी कुर्की की उद्घोषणा के आदेश दिए हैं। इस प्रक्रिया के...

सुनो सुनो...भगोड़ा है मनोज गोयल
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 25 Mar 2017 10:00 PM
ऐप पर पढ़ें

नेहरू नगर (हरीपर्वत) कालोनी में शनिवार को पुलिस ने मुनादी पिटवाई। ढोल की थाप पर यह घोषणा की गई कि मनोज गोयल तेल चोरी में भगोड़ा है। अदालत ने उसकी कुर्की की उद्घोषणा के आदेश दिए हैं। इस प्रक्रिया के बाद मनोज गोयल की कोठी के गेट पर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया।

उल्लेखनीय है कि मथुरा रिफाइनरी की पाइप लाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी की घटना हुई थी। बाकायदा सुरंग बनाकर तेल चोरी के लिए रिफाइनरी की लाइन में वॉल्ब फिट किया गया था। इस मामले में पांच आरोपियों को जेल भेजा गया था। एक दर्जन से अधिक नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस की जांच में साफ हुआ कि पूरे खेल का मास्टर माइंड चर्चित तेल कारोबारी मनोज गोयल है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के प्रयास विफल हो रहे थे। पिछले दिनों आईजी जोन सुजीत पांडेय ने सख्त निर्देश दिए थे। इसी क्रम में यह कार्रवाई हुई है।

शनिवार को मथुरा हाईवे थाने से एसआई अरविंद पाठक, सुरेंद्र सिंह यादव आगरा आए थे। हरीपर्वत थाने से फोर्स लिया। वजीरपुरा से ढोल वाला बुलाया गया। पूरे नेहरू नगर में मुनादी पिटवाई गई। उसके बाद कोर्ट का कुर्की नोटिस गेट पर चस्पा किया गया। सालों बाद पुलिस ने इस अंदाज में कुर्की नोटिस चस्पा किया है। तरीका तो यही है मगर पुलिस इससे बचती है। जब अपनी कार्रवाई का ढिंढोरा पीटना होता तो इस प्रक्रिया को अपनाती है।

मथुरा पुलिस ने बताया कि मनोज गोयल को एक माह के अंदर कोर्ट में समर्पण करना है। इस समय सीमा में वह नहीं आया तो पुलिस कुर्की आदेश लेगी। मनोज गोयल पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पहले उस पर पांच हजार रुपये का इनाम एसएसपी मथुरा घोषित करेंगे। उसके बाद आईजी जोन 15 हजार रुपये के इनाम की घोषणा करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें