फोटो गैलरी

Hindi Newsअचानक हुई बारिश से फायदा और नुकसान दोनों होगा

अचानक हुई बारिश से फायदा और नुकसान दोनों होगा

शुक्रवार को एक बार फिर मौसम बिगड़ गया। सुबह होते ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इसके बाद माहौल उमस भरा हो गया। दोपहर बाद फिर ठंडी हवाओं के साथ मौसम बिगड़ गया और फिर रिमझिम बारिश होने लगी। मौसम में आए इस...

अचानक हुई बारिश से फायदा और नुकसान दोनों होगा
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 19 May 2017 10:40 PM
ऐप पर पढ़ें

शुक्रवार को एक बार फिर मौसम बिगड़ गया। सुबह होते ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इसके बाद माहौल उमस भरा हो गया। दोपहर बाद फिर ठंडी हवाओं के साथ मौसम बिगड़ गया और फिर रिमझिम बारिश होने लगी। मौसम में आए इस बदलाव से जहां गर्मी कुछ कम हो गई है वहीं किसानों के लिए भी ये मौसम अनुकूल माना जा रहा है।

दो दिन पूर्व अचानक मौसम बिगड़ गया तो मैनपुरी नगर के अलावा किशनी, बेवर, भोगांव क्षेत्र में बारिश हो गई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। लेकिन गुरुवार को फिर गर्मी पड़ी तो शाम होते ही आसमान में बादल छाए रहे। शुक्रवार की सुबह 6 बजे के करीब काली घटाएं पूरे जिले में छा गईं। मैनपुरी शहर में ये घटाएं रिमझिम बारिश के रूप में बरस पड़ीं। हालांकि जिस तरह से घटाएं छायी थीं उससे लोगों को लगा था कि आज घंटे दो घंटे बरसात होगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और मौसम खुल गया। लेकिन दोपहर बाद फिर तेज हवाओं के झोंके के साथ काली घटाएं रिमझिम बारिश लेकर आ गईं और बरस पड़ीं।

रिमझिम बारिश से गांवों में फैली गंदगी

जिले के कुछ इलाकों में रात एक बजे के करीब रिमझिम बारिश हुई तो मौसम अनुकूल हो गया लेकिन ग्रामीण इलाकों में बारिश होने से कीचड़ हो गया जिससे गांव में गंदगी फैल गई। लोगों को आवागमन में फिसलन का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को काफी परेशानी हुई।

मूंगफली और हरी सब्जियों के लिए अनुकूल है मौसम

मैनपुरी। अचानक बदले मौसम से किसानों को राहत है। तेज धूप से हरी सब्जियों की फसल सूखने लगी थी। पानी की कमी के चलते बर्बाद हो रही इन फसलों को इस मौसम से राहत मिलेगी। मूंगफली की फसल में भीषण गर्मी के चलते कीड़े लग रहे थे। हल्की बारिश से मूंगफली को कीड़ों की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी ऐसा किसानों का कहना है।

शमशेरगंज मार्ग पर जलभराव के चलते निकलना हुआ मुश्किल

किशनी। नगर के बाईपास शमशेरगंज की पुलिया से शमशेरंगज जाने वाले मार्ग पर जलभराव हो गया है। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग का पांच वर्ष में आधा दर्जन से अधिक बार निर्माण किया गया लेकिन घटिया सामग्री के चलते मार्ग कुछ दिनों बाद उखड़ जाता है। दो दिन पहले हुई वारिश से ग्राम खड़ेपुर के पास मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। क्षेत्र वासी अवधेश यादव जगदीश यादव, मुकुल यादव, शांतिस्वरूप शाक्य, नरेंद्र यादव, विनोद यादव, उमाशंकर यादव, विपिन चौहान आदि ने जिलाधिकारी से जर्जर मार्ग पर निर्माण कराने की मांग की है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें