फोटो गैलरी

Hindi Newsनन्हे कूलर-एसी दे रहे ठाकुरजी को गर्मी से राहत

नन्हे कूलर-एसी दे रहे ठाकुरजी को गर्मी से राहत

चिलचिलाती गर्मी से अपने लल्ला को बचाने को भक्त भी अब बाजार का रुख करने लगे हैं। ठाकुरजी के खानपान से लेकर उनके शयन तक की सारी व्यवस्थाएं वातावरण के अनुकूल की जा रही हैं। इसके लिए बाजार में...

नन्हे कूलर-एसी दे रहे ठाकुरजी को गर्मी से राहत
Tue, 06 Jun 2017 07:40 PM
ऐप पर पढ़ें

चिलचिलाती गर्मी से अपने लल्ला को बचाने को भक्त भी अब बाजार का रुख करने लगे हैं। ठाकुरजी के खानपान से लेकर उनके शयन तक की सारी व्यवस्थाएं वातावरण के अनुकूल की जा रही हैं। इसके लिए बाजार में नन्हें कूलर-एसी भी आ गए हैं।

जहां एक ओर घरों और मंदिर में भोग में ठंडी वस्तुओं का प्रयोग किया जा रहा है, वहीं गर्मी से बचाने के लिए उनके लिए नन्हें कूलर, पंखे व एसी लगाए गए हैं। विश्राम घाट क्षेत्र के राजाधिराज बाजार, छत्ता बाजार व डोरी बाजार में ठाकुरजी के लिए नन्हें कूलर व पंखे उपलब्ध हैं। श्रद्धालु ठाकुरजी की पोशाकों का चयन भी मौसम के अनुकूल कर रहे हैं। विदित हो कि ब्रज में ठाकुर जी की सेवा बाल स्वरूप में की जाती है। जिस प्रकार एक परिवार घर में अपने बच्चों के रहन-सहन से लेकर खाने-पीने तक का ख्याल रखता है, उसी प्रकार वह अपने आराध्य की सेवा करता है।

दिल्ली से आईं श्रद्धालु रजनी शर्मा ने भी ठाकुर जी के लिए कूलर खरीदा। बताया कि ठाकुर जी को ठंडक देने के लिए फालसेब, आम, जामुन, खीरा, ठंडाई आदि का प्रसाद लगाया जा रहा है। वहीं दुकानदार ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि बाजार में इस समय 150 से 200 रुपये तक के पंखे उपलब्ध है। कूलर की रेंज 300 से 500 रुपये तक रखी गई है। ग्राहक सूती व हल्के रंग की पोशाकों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

ठंडे फल व शीतल पेय का लग रहा भोग

ठाकुर जी को गर्मी से बचाने को सुबह से लेकर शाम तक भोगों में ठंडे फलों व शीतल खाद्य पदार्थो का प्रयोग किया जा रहा है। द्वारिकाधीश मंदिर व श्रीकृष्ण जन्मस्थान में कुंजों में ठाकुर जी के लिए ठंडे पानी का इंतजाम किया गया है।

सूती पोशाकें भी बनीं पहली पसंद

अंधिकांश श्रद्धालु मौसम के अनुकूल ही पोशाकें खरीदने को तवज्जो दे रहे हैं। सूती कपड़े की पोशाक व हल्के रंगों का प्रयोग उन्हें इस समय बखूबी भा रहा है। ग्राहकों की मांग के अनुरूप ही दुकानदारों ने माल के ऑर्डर दे रखे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें