फोटो गैलरी

Hindi Newsसीमा को चक्का फेंक में रजत, कृष्णा ने किया निराश

सीमा को चक्का फेंक में रजत, कृष्णा ने किया निराश

सीमा पूनिया ने इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों की महिला चक्का फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता, लेकिन पिछली बार की चैंपियन कृष्णा पूनिया निराशाजनक प्रदर्शन करके पांचवें...

सीमा को चक्का फेंक में रजत, कृष्णा ने किया निराश
एजेंसीSat, 02 Aug 2014 12:13 PM
ऐप पर पढ़ें

सीमा पूनिया ने इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों की महिला चक्का फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता, लेकिन पिछली बार की चैंपियन कृष्णा पूनिया निराशाजनक प्रदर्शन करके पांचवें स्थान पर रही।

सीमा अपने दूसरे प्रयास में 58.87 मीटर चक्का फेंककर शुरू में तीसरे स्थान पर चल रही थी, लेकिन अपने पांचवें प्रयास में इस 31 वर्षीय एथलीट ने 61.61 मीटर की दूरी नापी, जिससे वह दूसरे स्थान पर पहुंच गयी। ऑस्ट्रेलिया की डानी सैमुअल्स ने 64.88 मीटर चक्का फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया। इंग्लैंड की जेड लैली (60.48 मीटर) को कांस्य पदक मिला।

भारत के लिये इस स्पर्धा के पुरुष वर्ग में कल विकास गौड़ा ने स्वर्ण पदक जीता था। सीमा उनकी बराबरी नहीं कर पायी, लेकिन वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रही। उन्होंने कल क्वालीफाईंग में 58.44 मीटर चक्का फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था।

दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली कृष्णा पूनिया ने हालांकि निराश किया और वह केवल 57.84 मीटर चक्का फेंककर पांचवें स्थान पर रही। कृष्णा ने अपने तीसरे प्रयास में सबसे अधिक दूरी मापी, लेकिन वह पदक हासिल करने के लिये पर्याप्त नहीं थी। कृष्णा क्वालीफाईंग में भी 11वें स्थान पर रहकर बामुश्किल फाइनल के लिये क्वालीफाई कर पायी थी।

इस बीच महिलाओं की उंची कूद में भारत की सहाना नागराज 1.86 मीटर की कूद ही लगा पायी और 11 खिलाडियों के बीच आठवें स्थान पर रही। ऑस्ट्रेलिया की इलोनोर पैटरसन ने 1.94 मीटर की कूद के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।  

कुन्हु मोहम्मद पठानपुराकल, जीतू बेबी, जिबिन सबेस्टियन और आरोकिया राजीव की भारत की चार गुणा चार सौ रिले मीटर टीम शुरुआती दौर में ही डिस्क्वालीफाई हो गई। महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम हालांकि फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही। देबाश्री मजूमदार, टिंटू लूका, अश्विनी अकूंजी और एमआर पूवम्मा की चौकड़ी तीन मिनट 33.67 सेकेंड के साथ पहले दौर की दूसरी हीट में पांचवें स्थान पर रही।
     
श्रद्धा नारायण, आशा राय, श्रबानी नंदा और एचएम ज्योति की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम भी फाइनल में प्रवेश कर गई। भारतीय जोड़ी अपनी हीट में 44.41 मीटर के साथ पांचवें स्थान पर रही लेकिन कुल आठवें और अंतिम स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बना ली।
     
पुरुष त्रिकूद में अरपिंदर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर गए। उन्होंने अपने अंतिम प्रयास में 16.51 मीटर की दूरी तय की। वह ग्रुप ए में दूसरे और ओवराल क्वालीफिकेशन में चौथे स्थान पर रहे। पुरुष भाला फेंक में रविंदर सिंह खरा और विपिन्ना कासना ने ओवराल 11वें और 12वें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें