फोटो गैलरी

Hindi Newsसोनिया गांधी पर भाजपा सांसद अश्विनी चौबे के बयान से बबाल

सोनिया गांधी पर भाजपा सांसद अश्विनी चौबे के बयान से बबाल

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भाजपा सांसद अश्विनी कुमार चौबे के बयान से राजनीतिक बवाल मच गया है। कांग्रेस, राजद और जदयू नेताओं ने उनके इस बयान पर तीखे पलटवार किए हैं। यह...

सोनिया गांधी पर भाजपा सांसद अश्विनी चौबे के बयान से बबाल
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 20 Jun 2015 11:20 AM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भाजपा सांसद अश्विनी कुमार चौबे के बयान से राजनीतिक बवाल मच गया है। कांग्रेस, राजद और जदयू नेताओं ने उनके इस बयान पर तीखे पलटवार किए हैं। यह दूसरा मौका है जब भाजपा के किसी नेता द्वारा सोनिया गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी की है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इसके विरोध में शुक्रवार को श्री चौबे के घर पर प्रदर्शन किया। उधर, भाजपा नेता सुशीलु कुमार मोदी ने कहा है कि सभी दलों और नेताओं को शब्दों के चयन में संयम बरतनी चाहिए।

चौबे ने गुरुवार को नवादा के रजौली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इटली की गुड़िया है। वह जहर की पुड़िया है। बड़े भाई लालू प्रसाद व छोटे भाई नीतीश कुमार पूतना की गोद में बैठकर जहर पीने के लिए छटपटा रहे हैं लेकिन जानते हैं पुतना का वध हुआ था और राक्षस का भी। राहुल गांधी विदेशी लोल हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ इस बयान से आक्रोशित प्रदेश युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार की शाम जगदेव पथ स्थित सांसद के घर पर अंडे और टमाटर फेंके। करीब 15 मिनट तक कांग्रेसी वहां जमे रहे और नारेबाजी की। पुलिस के पहुंचने पर वहां से निकल गए।

शाम करीब छह बजे युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव कुमार रोहित के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसी जगदेव पथ स्थित सांसद के निजी आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा गार्ड विरोध के लिए बाहर निकले, लेकिन संख्या बल देख चुप रह गए। इसकी सूचना कहीं से पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार आशीष ने कहा कि सांसद चौबे बिहार में जहां भी जाएंगे युवा कांग्रेस उनका विरोध करेगी। शनिवार को बिहार के सभी जिलों में सांसद का पुतला फूंका जाएगा। सांसद चौबे ने इस घटना की सूचना आईजी को फोन से दी है।

किसने क्या कहा
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इटली की गुड़िया है। जहर की पुड़िया है। बड़े भाई व छोटे भाई पूतना की गोद में बैठकर जहर पीने के लिए छटपटा रहे हैं लेकिन जानते हैं पुतना का वध हुआ था और राक्षस का भी। राहुल गांधी विदेशी लोल हैं।
- अश्विनी चौबे

सभी लोगों को शब्दों का चयन ठीक प्रकार करना चाहिए। मर्यादा और शालीनता का ख्याल सभी दलों-पक्षों के नेताओं को रखना चाहिए।
- सुशील कुमार मोदी, नेता भाजपा विधानमंडल दल 

बयान बीजेपी नेताओं में हताशा का परिचायक है। नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के मुद्दे पर जनता का जो आकर्षण बना हुआ है उसे देखकर बीजेपी के नेता परेशान हैं। जबसे राजद, कांग्रेस से जदयू का गठबंधन मूर्त हुआ है और तीनों दलों ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है, तबसे भाजपा नेता अपनी आसन्न पराजय को देख हताशा में चले गए हैं। यह साफ रूप से उनके भाषाई दिवालियापन में दिख रहा है’।
- विजय कुमार चौधरी, मंत्री व जदयू के वरीय नेता 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अश्विनी चौबे ने बेहद गंदी टिप्पणी की है। वेरी डर्टी। इनका नर्वस सिस्टम गड़बड़ा गया है। अभी और पक-पक बोलेगा। एक दिन गिरिराज की तरह ये भी माफी मांगेंगे। ये कांव-कांव-खाओ-खाओ-बाओ-बाओ करते रहेंगे। भाजपा के कारण हम जेल गए थे। इनको देश से भगाना है।
- लालू प्रसाद, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राजद

भाजपा सांसद अश्विनी कुमार चोबे साजिशन अमर्यादित बयान दिया है। उनकी मंशा जल्द से जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल होने की है। वे जानते हैं कि प्रधानमंत्री इस तरह के घृणित और विषाक्त बयान देने वालों को ही पसंद करते हैं। यह बयान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की मानसिकता का परिचायक है। पिछले डेढ़ साल से भाजपा नेता लगातार ऐसे उटपटांग बयान दे रहे हैं। विवाद बढ़ने पर माफी मांग लेते हैं। इस तरह के अमर्यादित बयान देने वाले नेताओं को पूर्व में नरेंद्र मोदी ने महिमामंडित कर मंत्री बनाया है। गंभीर से गंभीर आलोचना के लिए बहुत ही अच्छे शब्द लोग बोलते हैं।
- अशोक चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें