फोटो गैलरी

Hindi Newsराजद नेता पूर्व विधायक सुधांशु शेखर भास्कर गिरफ्तार

राजद नेता पूर्व विधायक सुधांशु शेखर भास्कर गिरफ्तार

सुल्तानगंज के पूर्व विधायक व जमुई लोकसभा से राजद के उम्मीदवार रहे सुधांशु शेखर भास्कर को शुक्रवार की रात आदमपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जदयू से विधायक रहे भास्कर पर डीएम कार्यालय के कर्मचारी...

राजद नेता पूर्व विधायक सुधांशु शेखर भास्कर गिरफ्तार
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 04 Jul 2015 11:49 AM
ऐप पर पढ़ें

सुल्तानगंज के पूर्व विधायक व जमुई लोकसभा से राजद के उम्मीदवार रहे सुधांशु शेखर भास्कर को शुक्रवार की रात आदमपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जदयू से विधायक रहे भास्कर पर डीएम कार्यालय के कर्मचारी प्रसून कुमार पुष्प ने मारपीट एवं सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना शाम की है लेकिन रात में मामला उस समय नया मोड़ ले गया जब भास्कर कर्मचारी के खिलाफ एससी-एसटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें वहीं रोक लिया और एसएसपी के निर्देश पर गिरफ्तारी हुई। भास्कर की गिरफ्तारी के विरोध में समर्थकों ने थाने पर हंगामा किया।

शुक्रवार शाम राजद नेता भास्कर कुछ समर्थकों के साथ डीएम आफिस गए थे अपनी पिस्टल और रिवाल्वर का लाइसेंस का नवीनीकरण कराने। एडीएम संजीव कुमार के सामने ही कर्मचारी से काम न करने के सवाल पर कहासुनी हो गई और गुस्से में उन्होंने कर्मचारी को पीट दिया। कर्मचारी के कपड़े भी फट गए। एडीएम ने बीच-बचाव कर मामले को संभाला। कर्मचारी ने मारपीट और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक और चार अन्य के खिलाफ आदमपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पूर्व विधायक का कहना है कि कर्मचारी उन्हें परेशान कर रहा था। डीएम के आदेश के बावजूद शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हो रहा था। कर्मचारी का कहना है कि पूर्व विधायक वहीं चिल्लाने लगे। फिर कुर्सी से उठकर एडीएम के सामने ही पीटने लगे। उनके साथ आए लोगों ने भी मारपीट की। एडीएम संजीव कुमार ने कहा कि पूर्व विधायक की फाइल पूरी नहीं हो सकी थी इसीलिए उन्हें शनिवार को दुबारा बुलाया गया। इसी बात पर उन्होंने आपा खो दिया।

क्या है मामला, कैसे बढ़ा विवाद
पूर्व विधायक भास्कर ने गुरुवार को लाइसेंस नवीनीकरण के लिए अर्जी दी थी। फाइल एडीएम संजीव कुमार के पास थी। पूर्व विधायक ने एडीएम के सामने कर्मचारी को बुलाकर पूछा फाइल क्यों नहीं पूरी की? कहा, एक जनप्रतनिधि का काम नहीं हो रहा तो आम आदमी का काम कैसे होता होगा।
 
सुधांशु शेखर भास्कर राजद दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनका कहना है कि कर्मचारी ने एडीएम के सामने ही नजराना की मांग कर दी। अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कहा कि बिना लिए-दिए यहां कोई काम नहीं होता। तंज कसा कि दलित लोग भी अब हथियार रखने लगे हैं। भास्कर ने मारपीट से इंकार किया और कहा कि मुझे राजनीतिक साजिश का शिकार बनाया जा रहा। घटना की सूचना पर आदमपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार व दारोगा उत्तम कुमार डीएम आफिस पहुंचे।

कर्मचारी बोला मैं निर्दोष हूं
डीएम ऑफिस के कर्मचारी प्रसून कुमार पुष्प ने कहा कि पूर्व विधायक के शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण की फाइल पर नियमानुसार कार्यवाही चल रही थी। मुझे तो अधिकारी के आदेश पर काम करना होता है। पूर्व विधायक से एडीएम ने कहा भी था कि एक दिन का समय दें लेकिन पूर्व विधायक किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। वह भड़क उठे। मेरे गले से सोने की चेन पूर्व विधायक ने छीन ली।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें