फोटो गैलरी

Hindi Newsलोगों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

लोगों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

तमाम आशंकाओं को धता बताते हुए बुधवार को छठव्रतियों की विशाल भीड़ गंगा घाटों पर उमड़ पड़ी। छठ महापर्व के तीसरे दिन बुधवार को लाखों छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य समर्पित किया। गुरुवार को...

लोगों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 30 Oct 2014 01:04 AM
ऐप पर पढ़ें

तमाम आशंकाओं को धता बताते हुए बुधवार को छठव्रतियों की विशाल भीड़ गंगा घाटों पर उमड़ पड़ी। छठ महापर्व के तीसरे दिन बुधवार को लाखों छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य समर्पित किया। गुरुवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह चार दिवसीय पर्व संपन्न होगा। दशहरे के दिन राजधानी में हुए हादसे से सबक सीखते हुए जिला प्रशासन ने गंगा घाटों और तालाबों के किनारे सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये थे। इसके अलावा विभिन्न इलाकों में अस्थायी तालाबों का निर्माण किया गया था ताकि गंगा घाटों पर अनियंत्रित भीड़ नहीं जुटे। मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने खुद स्टीमर से गंगा घाटों का निरीक्षण किया और लोगों को छठ की शुभकामनाएं दी। बिहार के विभिन्न जिलों से छठ के शांतिपूर्वक संपन्न हो जाने की सूचनाएं आ रही हैं।

बुधवार को दोपहर दो बजे से ही लोगों की भीड़ गंगा घाटों पर जुटने लगी थी। छठगीत गाती महिलाएं गंगा घाटों तक पहुंची। दूसरी तरफ हजारों लोग ऐसे थे जो पिछले दो दिनों से गंगा घाटों पर डेरा डाले हुए थे। कई लोग बैंड-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचे। इधर राजधानी के विभिन्न हिस्सों में बने तालाबों पर भी अर्घ्य देने के लिए हजारों लोग पहुंचे। गंगा घाटों पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था तो थी ही तालाबों के किनारे भी पुलिस को तैनात किया गया था। शाम चार बजते-बजते घाटों के किनारे लाखों श्रद्धालु पहुंच चुके थे। शाम साढ़े चार बजे से अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हुआ और पांच बजते ही लोग घर के लिए निकलने लगे। घाटों से लोगों के सुरक्षित निकल जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

दरअसल खुफिया एजेंसियों ने छठ के मौके पर आतंकी गतिविधि की आशंका जताई थी। इसको लेकर पटना में सतर्कता बढ़ा दी गई थी। पटना पुलिस ने अतिरिक्त बल की भी व्यवस्था की थी। छठ पूजा समितियों ने भी छठव्रतियों की सुविधा के लिए अच्छे इंतजाम किये थे। सभी घाटों को शानदार तरीके से सजाया गया था। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें