फोटो गैलरी

Hindi Newsमट्टू ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

मट्टू ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

हाल में हुए हॉकी संकट के दौरान लगे आरोपों से आहत एके मट्टू ने रविवार को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद समेत विभिन्न खेल संस्थाओं के अन्य प्रशासनिक पदों से इस्तीफा दे दिया। मट्टू ने भारतीय ओलंपिक संघ...

मट्टू ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
एजेंसीSun, 17 Jan 2010 12:11 PM
ऐप पर पढ़ें

हाल में हुए हॉकी संकट के दौरान लगे आरोपों से आहत एके मट्टू ने रविवार को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद समेत विभिन्न खेल संस्थाओं के अन्य प्रशासनिक पदों से इस्तीफा दे दिया।

मट्टू ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को अपना इस्तीफा भेजा और उन्होंने खेल प्रशासन से संन्यास लेने मन बना लिया है। मट्टू ने कहा कि मैंने कलमाड़ी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है और अब मैं खेल प्रशासन से संन्यास लेना चाहता हूं। मैं 40 साल तक सेवा कर चुका हूं। मैंने लंबी और अच्छी पारी खेली।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष के अलावा मट्टू आईओए और 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष हैं। यह पूछे जाने पर कि अगर कलमाड़ी उनसे इस फैसले पर विचार करने के लिए कहेंगे तो क्या वे ऐसा करेंगे, इस पर मट्टू ने कहा, नहीं, मैंने अपना मन बना लिया है और मैं फिर से इन चीजों में नहीं पड़ना चाहता। मैंने इतने वर्षों बतौर खेल प्रशासक अपने कार्यकाल का पूरा लुत्फ उठाया।

अपनी ईमानदारी और सच्चाई के लिये मशहूर मट्टू ने स्वीकार किया कि बहिष्कार करने वाले हॉकी खिलाड़ियों और अन्य अधिकारियों ने उन पर जो आरोप लगाए और जिस तरह से इस संकट को दिखाया गया, इससे वह बहुत आहत हैं। मट्टू से यह पूछे जाने पर कि उनके पद छोड़ने का क्या यही कारण है तो उन्होंने कहा, कई कारणों में से यह एक है। निश्चित रूप से इस कारण ने भी मेरे फैसले में अहम भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा कि कलमाड़ी ने उनके इस्तीफे के बारे में उनसे कुछ नहीं कहा है।

मट्टू ने कहा कि कलमाड़ी ने मुझसे अभी तक कोई बात नहीं की है कि उन्होंने मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया या नहीं। अगर मुझे राष्ट्रमंडल खेलों तक भी पद पर बरकरार रखने के लिए कहा जाता है तो मैं ऐसा नहीं करना चाहूंगा। मट्टू ने कहा कि उन्हें फरवरी-मार्च में होने वाले आगामी हॉकी विश्व कप के आयोजन और अक्टूबर में राष्ट्रमंडल खेलों के सफल होने में कोई संदेह नहीं है।

मट्टू का हॉकी इंडिया अध्यक्ष का कार्यकाल सात फरवरी को समाप्त होना था और इसी दिन हॉकी इंडिया के चुनाव होंगे, जिससे नई समिति का गठन होगा। हॉकी की विश्व संचालन संस्था एफआईएच ने भारत में विश्व कप के आयोजन से पहले हॉकी इंडिया के लिए अनिवार्य कर दिया कि उन्हें इस टूर्नामेंट से पहले चुनाव की औपचारिकता को पूरा करना होगा।

मट्टू को हालांकि चुनावी औपचारिकताएं समाप्त होने तक पद पर बरकरार रखने के लिए कहा गया, क्योंकि नए व्यक्ति के लिए इतनी जल्दी मामलों को समझना मुश्किल होगा। मट्टू को हाल में भुगतान को लेकर हुए विवाद के दौरान खिलाड़ियों से बातचीत करने के लिए कहा गया, जिसके बाद हॉकी खिलाड़ियों ने पुणे में विश्व कप की तैयारियों के लिए लगे शिविर का बहिष्कार कर दिया।

मट्टू ने कहा था कि हॉकी इंडिया के पास खिलाड़ियों को देने के लिए पैसे नहीं है और उन्हें 25,000 रूपए की पेशकश की, जबकि वे मैच फीस और अन्य इंसेटिव के तौर पर साढ़े चार लाख की मांग कर रहे थे। इसके बाद कलमाड़ी ने हस्तक्षेप करते हुए इस मुद्दे को सुलझाया और टीम के प्रायोजक सहारा इंडिया ने खिलाड़ियों को देने के लिए तुंरत एक करोड़ रूपये दे दिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें