फोटो गैलरी

Hindi Newsहाफिज सईद के खिलाफ पाक में दो मामले दर्ज

हाफिज सईद के खिलाफ पाक में दो मामले दर्ज

अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकते हुए पाकिस्तान पुलिस ने मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड जेयूडी प्रमुख हाफिज मोहम्मद सईद के खिलाफ आतंकवाद निरोधक अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए हैं। इसके अलावा सईद के...

हाफिज सईद के खिलाफ पाक में दो मामले दर्ज
एजेंसीFri, 18 Sep 2009 11:33 AM
ऐप पर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकते हुए पाकिस्तान पुलिस ने मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड जेयूडी प्रमुख हाफिज मोहम्मद सईद के खिलाफ आतंकवाद निरोधक अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए हैं। इसके अलावा सईद के सहयोगी अबू जंदल के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार रात को बताया कि सईद के खिलाफ दो और अबू के खिलाफ फैसलाबाद के पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों पर लोगों के बीच जेहाद फैलाने का आरोप लगा है।

अधिकारी ने बताया कि सईद ने 27 और 28 अगस्त को प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा (जेयूडी) के कार्यकर्ताओं के साथ इफ्तार में भाग लिया और उन्हें जेहाद के लिए प्रेरित किया। एक सूत्र ने बताया सईद हमेशा ऐसे सार्वजनिक समारोहों से जेहाद के लिए चंदा जुटाता था।

सईद पर यह मामला भारत-पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों और विदेश सचिवों की प्रस्तावित बैठक के पूर्व दर्ज हुआ है। ये बैठकें न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र के इतर होनी है। प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तय्यबा के संस्थापक सईद पर मुंबई हमलों की साजिश रचने का आरोप है, जिसमें 183 लोग मारे गए थे।

कहा जा रहा है कि सईद ने समारोह को संबोधित करते हुए अपने अनुयायियों को जेहाद की महत्ता समझाते हुए युद्ध के लिए प्रेरित किया। सूत्रों ने बताया कि ऐसा पहला समारोह फैसलाबाद के एक होटल में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। दूसरा समारोह जेयूडी के एक कार्यकर्ता के घर पर हुआ। एक सूत्र ने बताया अबू जंदल ने एक अन्य समारोह में जेहाद का प्रचार किया।

इन बैठकों के बाद पंजाब पुलिस की विशेष शाखा के अधिकारियों ने सईद के खिलाफ मामला दर्ज करने का आवेदन किया। पुलिस को उच्चाधिकारियों से हरी झंडी मिलने के बाद सईद और जंदल के खिलाफ आतंकवाद निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

अधिकारी ने कहा कि फैसलाबाद के पीपुल्स कॉलोनी, मदीना टाउन और सदर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी ने कहा हमने अभी तक कहीं छापा नहीं मारा है क्योंकि हमें उच्चाधिकारियों से संकेत मिलने का इंतजार है। उन्होंने सईद की गिरफ्तारी की संभावना से भी इंकार नहीं किया।

सईद को पिछले साल दिसंबर में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा जेयूडी को आतंकी संगठन घोषित करने के बाद नजरबंदी में रखा गया था। उसे इस साल जून में लाहौर हाई कोर्ट के आदेश के बाद रिहा किया गया था।

भारत पाकिस्तान पर सईद के खिलाफ कार्रवाई करने का लगातार दबाव डाल रहा है, लेकिन इस्लामाबाद ने कहा कि नई दिल्ली द्वारा सईद के खिलाफ उपलब्ध कराए गए सबूत उसे गिरफ्तार करने या उस पर मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें