फोटो गैलरी

Hindi Newsभारतीयों पर नस्ली हमले की जांच में जुटी ऑस्ट्रेलियाई पुलिस

भारतीयों पर नस्ली हमले की जांच में जुटी ऑस्ट्रेलियाई पुलिस

ऑस्ट्रेलिया में तीन भारतीयों पर ताजा नस्ली हमले के बाद विक्टोरियाई पुलिस जांच में जुट गई है। विक्टोरिया पुलिस ने बुधवार को कहा कि ताजा हमले होने के पीछे कारणों की जांच में पुलिस जुट गई है। हमले के...

भारतीयों पर नस्ली हमले की जांच में जुटी ऑस्ट्रेलियाई पुलिस
एजेंसीWed, 16 Sep 2009 11:26 AM
ऐप पर पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया में तीन भारतीयों पर ताजा नस्ली हमले के बाद विक्टोरियाई पुलिस जांच में जुट गई है। विक्टोरिया पुलिस ने बुधवार को कहा कि ताजा हमले होने के पीछे कारणों की जांच में पुलिस जुट गई है।

हमले के शिकार हुए युवाओं के परिवारों द्वारा यह आरोप कि लगभग 70 लोगों ने उनपर हमला कर दिया को पुलिस ने खारिज कर दिया। सीनियर सार्जेंट ग्लेन पार्कर ने कहा कि सिर्फ चार लोग हमले में शामिल थे और बाकी लोग वहां खड़े देख रहे थे।

गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया में संक्षिप्त विराम के बाद भारतीय समुदाय के तीन लोगों पर एक बार फिर हमलावरों ने नृशंस प्रहार किया है। शनिवार को हमलावरों ने उपनगर एपिंग में 26 वर्षीय सुखदीप सिंह, उसके भाई गुरदीप सिंह और उनके अंकल मुख्त्यार सिंह पर एक बार में पूल खेलते समय हमला किया।

पीड़ितों के रिश्तेदार ओंकार सिंह ने बताया कि लगभग 11 बजे मेरा रिश्तेदार सुखदीप सिंह अपने परिवार के कई सदस्यों के साथ पूल खेल रहा था, तभी उन पर लगभग 70 स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया, जो एक पार्टी कर रहे थे। उन्होंने बताया स्थानीय लोग उन पर फब्तियां कसते हुए उन्हें भड़काने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसके बाद भी वह उनकी उपेक्षा करने की कोशिश करते हुए चुपचाप खेलते रहे।
  
उन्होंने बताया हमलावर उन्हें उनके देश वापस जाने को कह रहे थे। इसके बाद मेरे रिश्तेदार वापस जाने के लिए जब कार पार्किंग में आए तो भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। सभी हमलावर लगभग 20 की उम्र के थे। विक्टोरिया पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि घटना होने के पहले एक महिला ने बार में पूल खेल रहे चार पुरूषों के समूह पर नस्ली टिप्पणियां कीं।

प्रवक्ता ने कहा कुछ समय के बाद पूल खेल रहे समूह ने उस जगह से जाने का फैसला किया। माना जा रहा है कि वहां पार्टी कर रहे एक बड़े समूह के चार लोगों ने कार पार्किंग तक उनका पीछा किया। आरोप लगाया जा रहा है कि भारतीयों पर ऑस्ट्रेलियाई लोगों के समूह ने गंभीर हमला किया। पुलिस ने इसके बाद चार पुरूषों को गिरफ्तार कर लिया, जिनसे एपिंग पुलिस थाने में पूछताछ की गई। इसके बाद सभी को जांच को लंबित छोड़ते हुए रिहा कर दिया गया।
  
घटनास्थल पर पुलिस ने देखा कि पार्टी कर रहे समूह के लगभग 15 सदस्यों ने वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति पर नस्ली टिप्पणियां कीं और समूह में शामिल एक महिला ने उस व्यक्ति पर पानी फेंक दिया। पुलिस ने पीड़ितों को घटनास्थल से बाहर निकाला, जिसके बाद भी भीड़ में शामिल युवाओं का नस्ली टिप्पणी करना और धमकाने वाला व्यवहार जारी था।
  
ओंकार ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें जानकारी दी है कि 70 में से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब लगभग एक महीने पूर्व ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने भारत के विदेश मंत्री एसएम कृष्णा को उनकी ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान भारतीय छात्रों की सुरक्षा का आश्वासन दिया गया था। जून से अगस्त के बीच ऑस्ट्रेलिया में लगभग 30 भारतीय छात्रों पर हमले हुए हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें