फोटो गैलरी

Hindi Newsहेलीकॉप्टर दुर्घटना में राजशेखर रेड्डी का निधन

हेलीकॉप्टर दुर्घटना में राजशेखर रेड्डी का निधन

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी और चार अन्य लोगों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है। बुधवार सुबह से लापता उनका हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण नल्लामाला पहाड़ियों में...

हेलीकॉप्टर दुर्घटना में राजशेखर रेड्डी का निधन
एजेंसीThu, 03 Sep 2009 04:40 PM
ऐप पर पढ़ें

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी और चार अन्य लोगों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है। बुधवार सुबह से लापता उनका हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण नल्लामाला पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हैदराबाद से चित्तूर के लिए उड़ान भरने के एक घंटे बाद ही मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर का रेडियो संपर्क टूट गया था।

राज्य विधानसभा और लोकसभा चुनाव में अपने दम पर कांग्रेस को राज्य में शानदार विजय दिलाने वाले 60 वर्षीय राजशेखर रेड्डी की मौत की खबर आते ही राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में लगा राष्ट्रीय ध्वज झुका दिया गया।

हेलीकॉप्टर के मलबे के साथ ही राजशेखर रेड्डी, उनके विशेष सचिव पी सुब्रमण्यम, मुख्य सुरक्षा अधिकारी एएससी वेस्ली, पायलट ग्रुप कैप्टन एसके भाटिया और सह पायलट एमएस रेड्डी के शव रूद्रकोंडा पहाड़ी से मिल गए हैं। यह इलाका यहां से 40 नाटिकल मील पूर्व में है।

आधिकारिक तौर पर उनकी मौत की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन दिल्ली स्थित कांग्रेस के आला सूत्रों ने बताया है कि हेलीकॉप्टर में सवार लोगों के शव मिल गए हैं। एक सरकारी बयान जल्द ही जारी किए जाने की संभावना है। हादसे की वजह से केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक रद्द कर दी गई है। 

प्रधानमंत्री आवास पर गुरुवार को कांग्रेस कोर ग्रुप की बैठक के बाद हादसे के बारे में जानकारी दी गई, लेकिन इस संबंध में रात से ही आशंका बढ़ने लगी थी, जब हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए चलाए गए खोज अभियान असफल हो गए।

हेलीकाप्टर के लापता होने के ठीक 24 घंटे बाद वायु सेना के बेंगलुरु से रवाना हुए हेलीकॉप्टरों ने कुरनूल के 70 किलोमीटर पूर्व में रूद्रकोंडा पहाड़ी पर हेलीकाप्टर का मलबा ढूंढ निकाला। हेलीकॉप्टर का बुधवार साढ़े नौ बजे रेडियो संपर्क टूट गया था। हेलीकाप्टर हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे से चित्तूर के लिए रवाना हुआ था और इसे 10 बजकर 40 मिनट पर अपने गंतव्य पर पहुंचना था।

कोर ग्रुप की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, वरिष्ठ मंत्री प्रणव मुखर्जी, एके एंटनी, पी चिदंबरम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने आंध्र प्रदेश में पार्टी के कददावर नेता की मौत के बाद उत्पन्न हालात पर चर्चा की।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें