अब अमित शाह की टीम में भी होंगे बड़े बदलाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के विस्तार में भाजपा संगठन के पांच पदाधिकारियों के मंत्री बनने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की टीम में भी व्यापक बदलाव होना तय है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों के छह पद...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के विस्तार में भाजपा संगठन के पांच पदाधिकारियों के मंत्री बनने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की टीम में भी व्यापक बदलाव होना तय है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों के छह पद पहले से ही रिक्त है। पदाधिकारियों में मौजूदा महासचिव राम माधव का कद बढम्ना तय है। उनको नड्डा की जगह संसदीय बोर्ड में जगह मिलने की प्रबल संभावना है। मंत्री बनने से रह गए कुछ नेताओं को भी संगठन में जगह दी जा सकती है।
मोदी सरकार के विस्तार में भाजपा के दो उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी व बंडारू दत्तात्रेय व तीन महासचिव जे पी नड्डा, राजीव प्रताप रूड़ी व रमाशंकर कठेरिया को शामिल किया गया है। पियूष गोयल के मंत्री बनने के बाद से ही कोषाध्यक्ष पद पर भी नियुक्ति की जानी है। इसके अलावा किरण माहेश्वरी के राजस्थान में मंत्री बनने से भी एक जगह बनेगी। संगठन में कुछ पद पहले ही रिक्त हैं। इस तरह पार्टी में एक व्यक्ति -एक पद के सिद्धांत के चलते अब 40 पदाधिकारियों में 12 नई नियुक्तियां की जाएगी।
नई स्थितियों में अमित शाह की टीम में भी बड़े बदलाव होंगे। पदाधिकारियों की रिक्त जगहों को भरने के साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी भी अभी घोषित की जाना बाकी है। सूत्रों के अनुसार प्रदेशों के कुछ नेताओं को दिल्ली में संगठन के काम में लाया जा सकता है। कुछ पदाधिकारियों की पदोन्नति भी हो सकती है। उत्तर प्रदेश के प्रभारी ओम माथुर, सांसद प्रहलाद पटेल, अश्विनी चौबे, सुधा मलैया, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को संगठन में जिम्मेदारी मिल सकती है।
संगठन में एक तिहाई महिलाओं को जगह देने के लिए आठ महिलाओं को शामिल किया जाना बाकी है। ऐसे में नई नियुक्तियों में महिलाओं को वरीयता मिलेगी।