बादल सरकार को लेकर गंभीर नहीं: अमरिंदर
कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल पर आरोप लगाया कि उन्होंने हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए पूरी सरकारी मशीनरी झोंक दी है और पंजाब को...
कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल पर आरोप लगाया कि उन्होंने हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए पूरी सरकारी मशीनरी झोंक दी है और पंजाब को अपने हाल पर छोड़ दिया है।
अकाली दल नेताओं पर सरकार के बारे में गंभीर नहीं होने का आरोप लगाते हुए अमरिंदर ने उन पर हरियाणा में व्यक्तिगत और आर्थिक दिलचस्पी होने का आरोप लगाया। उन्होंने एक बयान में कहा कि शिरोमणि अकाली दल हरियाणा विधानसभा चुनाव में 90 में से केवल दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है लेकिन बादल ने प्रदेश को पूरी तरह गैरजिम्मेदारी के साथ छोड़ दिया है। अमरिंदर ने कहा कि अगर बादल ने अपने गठबंधन की सरकार बनने पर दोनों राज्यों के बीच लंबित सभी मुद्दों के समाधान की प्रतिबद्धता जताई होती तो यह पंजाब और हरियाणा दोनों के लिए फायदेमंद होता।