फोटो गैलरी

Hindi Newsपौष्टिकता भी है जरूरी

पौष्टिकता भी है जरूरी

भोजन के बारे में सोचते हुए आपका ध्यान केवल स्वाद पर ही रहता है या आप पौष्टिकता के प्रति भी जागरूक रहते हैं? सेहत के लिए जरूरी है पौष्टिकता। यही बताने के लिए चल रहा है राष्ट्रीय पौष्टिकता सप्ताह। इस...

पौष्टिकता भी है जरूरी
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 10 Oct 2014 12:22 PM
ऐप पर पढ़ें

भोजन के बारे में सोचते हुए आपका ध्यान केवल स्वाद पर ही रहता है या आप पौष्टिकता के प्रति भी जागरूक रहते हैं? सेहत के लिए जरूरी है पौष्टिकता। यही बताने के लिए चल रहा है राष्ट्रीय पौष्टिकता सप्ताह। इस मौके पर पौष्टिक भोजन की जरूरत और उसे हासिल करने के उपाय के बारे में वैलनेस एक्सपर्ट डॉं. शिखा शर्मा से बात की श्रुति गोयल ने।

भोजन हम सभी करते हैं। आजकल खाने-पीने में बहुत अधिक विविधता भी है। इन्हें पसंद भी खूब किया जाता है, लेकिन आपको इस बात का तो ध्यान रखना ही होगा कि पर आप खान-पान में सिर्फ जायके का ही ख्याल रख रहे हैं या आपने यह भी ध्यान दिया है कि स्वाद भरा भोजन आपके स्वास्थ्य के लिए उचित है अथवा नहीं।

आजकल जंकफूड सभी बहुत पसंद करते हैं, पर वह स्वास्थ्य के लिए उचित है या नहीं, यह बहुत कम ही लोग ध्यान देते हैं। अच्छे स्वास्थ्य के लिए आहार से जुड़ी इन बातों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है, क्योंकि हमारे शरीर के पोषण का मुख्य स्त्रोत खाना-पीना ही है। पौष्टिक भोजन हमारे जीवन की धुरी है, जबकि अपौष्टिक भोजन हमारे शरीर को नुकसान पहुंचाता है।

पोषण क्या है
हवा (ऑक्सीजन) और पानी के बाद भोजन जीवन के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज है। अच्छा भोजन अर्थात् पौष्टिक भोजन हमें स्वस्थ रखता है, जबकि इसके विपरीत अपौष्टिक भोजन हमें बीमार बना देता है। दूसरे शब्दों में हम कह सकते हैं कि न्यूट्रिशन ऐसा खान-पान है, जिससे शरीर को पोषण मिले और जिससे शरीर को नुकसान न पहुंचे। सही तरह के खान-पान से हमारे शरीर को पोषण मिलता है। यह बेहद आवश्यक है कि हम पोषण के महत्व को समझें और उसके अनुसार आहार का सेवन करें। पोषण का सही फॉर्मूला यही है कि सभी पोषक तत्वों को ग्रहण करें, ताकि खान-पान की गलत आदतों की वजह से शरीर में उत्पन्न हुए असंतुलन ठीक हो सके और शरीर के भीतर  सही संतुलन बनाये रख सकें। इसके लिए कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, खनिज और विटामिन, सभी पोषक तत्वों को एक संतुलित मात्रा में ग्रहण करना जरूरी होता है। शरीर को सुचारु रूप से चलाने के लिए हर पोषक तत्व की अपनी अलग व महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कार्बोहाइड्रेट ऊर्जा देता है, प्रोटीन मांसपेशियों के निर्माण में मदद करता है, वसा हमारे शरीर में ऊर्जा बनाये रखने में मददगार है और खनिज तथा विटामिन शरीर के अन्य कार्यों में सहयोग करते हैं।

पोषण जागरूकता के फायदे
जागरूकता ज्ञान है और ज्ञान शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से एक व्यक्ति को बेहतर बनाता है। एक जागरूक व्यक्ति अच्छे और बुरे में अंतर समझ पाता है। इसी तरह पोषण के सम्बन्ध में जागरूकता हमारे लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण होती है। इससे हम अपने लिए उचित और अनुचित आहार को समझ पाते हैं, जिससे अच्छा जीवन जीने में मदद मिलती है।

पोषण के लाभ
उचित पौष्टिक आहार खाने से हम मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हैं और बीमारियों से भी दूर रहने में इससे सहायता मिलती है।
अच्छा पोषण शरीर के सभी अंगों को हमेशा बेहतर ढंग से काम करने में मदद करता है।
सभी दैनिक कार्यों को उचित तरीके से करने के लिए पौष्टिक आहार एक ईंधन के रूप में काम आता है।
न्यूट्रिशन हमारे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाने में सहायक है और हमारी रोगों से रक्षा करता है।
उचित पोषण व्यक्ति को रोगों और बीमारियों से मुक्त स्वस्थ जीवन प्रदान करने के लिए बुनियादी जरूरत है।
न्यूट्रिशन हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके अभाव में हम अनेक रोगों का शिकार हो सकते हैं, जो कई बार मृत्यु के भी कारण साबित हो सकते हैं।

पोषण की कमी से संबंधित समस्याएं
भिन्न उम्र में भिन्न तरह के न्यूट्रिशन की आवश्यकता होती है, जिसकी कमी से अलग-अलग उम्र में अलग तरह की समस्याएं हो सकती हैं।
बच्चों में पायी जाने वाली समस्याएं व रोग-हड्डी से जुड़े विकार (सूखा रोग), रतौंधी, त्वचा रोग, मधुमेह आदि।
गर्भवती माताओं में गलत पोषण से जन्मजात विकारों से युक्त बच्चों का जन्म हो सकता है।
वयस्कों में दिल के दौरे, मधुमेह, गठिया जैसी जीवन शैली से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
प्रोटीन की कमी होने पर शरीर का सही तरह से विकास नहीं हो पाता, विटामिन्स की कमी से आंखों की रोशनी कम हो जाती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें