फोटो गैलरी

Hindi Newsमानसून की दस्तक, उत्तर-भारत को और दो हफ्ते का इंतजार

मानसून की दस्तक, उत्तर-भारत को और दो हफ्ते का इंतजार

करीब चार पांच दिनों के देरी के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दी। भारतीय मौसम विभाग ने इसका ऐलान किया है। 20 जून तक पश्चिम भारत होते हुए मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश तक अपनी मौजूदगी दर्ज...

मानसून की दस्तक, उत्तर-भारत को और दो हफ्ते का इंतजार
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 06 Jun 2014 02:31 PM
ऐप पर पढ़ें

करीब चार पांच दिनों के देरी के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दी। भारतीय मौसम विभाग ने इसका ऐलान किया है। 20 जून तक पश्चिम भारत होते हुए मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश तक अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकता है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक केरल के बाद मानसून को आगे बढ़ने के लिए माहौल पूरी तरह से अनुकूल है। इसके बाद शनिवार को तमिलनाडु और इसके बाद 10 जून तक मानसून महाराष्ट्र में पहुंच सकता है। सारी स्थितियां सही रही और हवाओं के रुख में बदलाव नहीं हुआ तो 11 जून तक इसके छत्तीसगढ़, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में पहुंचने की उम्मीद की जा सकती है।

20 जून तक मानसून गुजरात, राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। फिर 1 जुलाई तक यह राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू और कश्मीर तक पहुंच सकता है।

भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को अगले 24 घंटे में मानसून के सक्रिय होने के संभावना जताई थी। आइएमडी का कहना था कि मानसून पांच जून से चार दिन आगे-पीछे आ सकता है। विशेषज्ञों ने अल नीनो के प्रभाव के चलते इस वर्ष भारत समेत एशिया में सूखे की आशंका जताई है।

उधर, समूचे उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। चढ़ते तापमान और पश्चिमी राजस्थान से आ रही गर्म हवा से दिल्ली समेत यूपी में भीषण गर्मी है। दिल्ली में शुक्रवार सुबह तेज धूप निकली और मौसम गर्म रहा। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार जताए हैं।

बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप और उमस से लोग परेशान हैं। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी पटना में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री, गया में 25.3 डिग्री, भागलपुर में 30.8 डिग्री और पूर्णिया में 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, राजधानी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और सूबे के अन्य हिस्सों में शुक्रवार की सुबह से ही चिलचिलाती धूप है। राज्य के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी लखनऊ  में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री, वाराणसी में 25.4 डिग्री, इलाहाबाद में 26 डिग्री, गोरखपुर में 25.5 डिग्री सेल्सियस तथा कानपुर में 26 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें