फोटो गैलरी

Hindi Newsप्रियंका-मोदी में तकरार तेज

प्रियंका-मोदी में तकरार तेज

कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी और भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के बीच तकरार तेज होती जा रही है। प्रियंका ने रविवार को रायबरेली में एक रैली के दौरान मोदी पर परोक्ष रूप से निशाना...

प्रियंका-मोदी में तकरार तेज
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 27 Apr 2014 11:31 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी और भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के बीच तकरार तेज होती जा रही है। प्रियंका ने रविवार को रायबरेली में एक रैली के दौरान मोदी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि देश चलाने के लिए 56 इंच का सीना नहीं चाहिए। ज्ञात हो कि नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर की रैली में मुलायम सिंह पर निशाना साधते हुए कहा था कि यूपी को गुजरात बनाने के लिए 56 इंच का सीना चाहिए।

रॉबर्ट वाड्रा पर दिया जवाब : भाजपा ने रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए तो प्रियंका गांधी ने इनका जवाब देने में भी देर नहीं की। प्रियंका ने कहा कि मुझे मालूम था कि चुनाव से पहले इनके झूठ का सिलसिला दोहराया जाएगा। इसमें कुछ नया नहीं है, इन्हें जो करना है करने दीजिए। दरअसल, प्रियंका नरेंद्र मोदी पर लगातार अपने हमलों को तीखा कर रही हैं।

प्रियंका गांधी के जवाब के तौर पर भाजपा ने रविवार को एक वीडियो जारी किया। ‘दामादश्री’ के नाम से जारी इस वीडियो में बताया गया है कि हरियाणा और राजस्थान सरकार ने किस तरह  जमीन खरीद में रॉबर्ट वाड्रा की मदद की। भाजपा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर वाड्रा के व्यवसाय में मदद करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस से वाड्रा विकास मॉडल को स्पष्ट करने की मांग की है।

मोदी ने राहुल को घेरा : नरेंद्र मोदी ने रविवार को यूपी के झांसी में एक रैली के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोगों को अब कपिल शर्मा के कॉमेडी शो की बजाय टीवी पर राहुल गांधी के भाषण देखने चाहिए। मोदी ने झांसी से भाजपा उम्मीदवार उमा भारती के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

बकौल मोदी छह करोड़ की आबादी वाले गुजरात में राहुल को 27 हजार करोड़ खाली पद दिखाई पड़ते हैं। हाल ही में राहुल गांधी की इस टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए कि यदि लोकायुक्त होता तो चौकीदार (मोदी) जेल में होता, नरेंद्र मोदी ने कहा, गुजरात में पहले से ही लोकायुक्त है।

‘दामादश्री’ से वाड्रा पर निशाना साधा
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर भाजपा ने रविवार को बड़ा हमला किया। भाजपा ने ‘दामादश्री’ नाम से एक फिल्म के जरिए यह हमला बोला है। इसमें वाड्रा को जमीन घोटाले के आरोपी के रूप में दिखाया गया है। दिल्ली में भाजपा ने प्रेस कांफ्रेंस करके यह छह मिनट की फिल्म दिखाई। इस मौके पर भाजपा के महासचिव रविशंकर प्रसाद ने सोनिया और राहुल से जवाब मांगा कि आखिर वाड्रा ने सिर्फ हरियाणा और राजस्थान में जमीन क्यों खरीदी? वाड्रा का विकास मॉडल क्या है?

 

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें