फोटो गैलरी

Hindi Newsमुकेश के सिर पर समृद्धि का ताज बरकरार

मुकेश के सिर पर समृद्धि का ताज बरकरार

फोर्ब्स पत्रिका की ताजा रिच लिस्ट में मुकेश अंबानी 21 अरब डॉलर के साथ पहले नंबर पर कायम हैं। सूची के मुताबिक देश के 100 सबसे समृद्ध लोगों की संपत्ति एक साल में पहले के मुकाबले तीन फीसदी बढ़कर 259 अरब...

मुकेश के सिर पर समृद्धि का ताज बरकरार
एजेंसीTue, 29 Oct 2013 03:57 PM
ऐप पर पढ़ें

फोर्ब्स पत्रिका की ताजा रिच लिस्ट में मुकेश अंबानी 21 अरब डॉलर के साथ पहले नंबर पर कायम हैं। सूची के मुताबिक देश के 100 सबसे समृद्ध लोगों की संपत्ति एक साल में पहले के मुकाबले तीन फीसदी बढ़कर 259 अरब डॉलर हो गई है।

फोर्ब्स की ताजा सूची मंगलवार को जारी हुई। ताजा सूची के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी की संपत्ति 21 अरब डॉलर है, जो एक साल पहले भी इतनी ही थी और वह अगले तीन साल में अपने कारोबार में 25 अरब डॉलर का निवेश करेंगे।

पत्रिका ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था के खस्ताहाल होने के कारण संपत्ति में अधिक वृद्धि नहीं हुई। महंगाई और रुपये के अवमूल्यन का देश की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। सूची में दूसरे स्थान पर हैं इस्पात कारोबारी लक्ष्मी मित्तल। उनकी संपत्ति 16 अरब डॉलर आंकी गई है।

मित्तल की संपत्ति में एक साल पहले के मुकाबले बदलाव नहीं हुआ है। उनकी कंपनी को अब भी मांग नहीं बढ़ने का सामना करना पड़ रहा है। सन फार्माश्यूटिकल्स इंडस्ट्रीज के संस्थापक दिलीप सांघ्वी ने हालांकि इस रुझान का तोड़ा और उनकी संपत्ति में वृद्धि दर्ज की गई है तथा वह पहली बार सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं।

सांघ्वी को डॉलर की मजबूती का सबसे अधिक लाभ मिला और उनकी संपत्ति 4.7 अरब डॉलर बढ़कर 13.9 अरब डॉलर हो गई। 100 सबसे सबसे धनी लोगों की संपत्ति में हुई तीन फीसदी वृद्धि में करीब आधा योगदान सांघ्वी का ही रहा। विप्रो के प्रमुख अजीम प्रेमजी 13.8 अरब डॉलर संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं।

पांचवें स्थान पर हैं 12.5 अरब डॉलर संपत्ति के साथ पालोंजी मिस्त्री। उनके बाद हिंदूजा बंधु नौ अरब डॉलर के साथ छठे स्थान पर, शिव नादर 8.6 अरब डॉलर के साथ सातवें स्थान पर, आदि गोदरेज 8.3 अरब डॉलर के साथ आठवें स्थान पर, कुमार बिड़ला 7.6 अरब डॉलर के साथ नौवें स्थान पर और सुनील मित्तल 6.6 अरब डॉलर के साथ 10वें स्थान पर।

सूची में 65 अरबपति हैं और यह संख्या पिछले साल के मुकाबले चार अधिक है। अरब डॉलर की संपत्ति वाली सूची में शामिल कुछ भारतीयों ने अपनी संपत्ति हालांकि भारत में नहीं, बल्कि मध्यपूर्व में बनाई है।

बहरीन निवासी रवि पिल्लई ने 1.7 अरब डॉलर संपत्ति सऊदी अरब में निर्माण कंपनी नसर एस अल हजीरी कारपोरेशन से बनाई। वह सूची के नवागंतुक के सबसे धनी व्यक्ति हैं। खुदरा कारोबारी एमए यूसुफ अली ने अबुधाबी में अपने लुलु समूह से 1.6 अबर डॉलर की संपत्ति बनाई।

सूची में 15 लोगों को पहली बार शामिल किया गया है। इस बार सूची में शामिल किए जाने के लिए न्यूनतम संपत्ति आधार 63.5 करोड़ डॉलर रखा गया, जो पिछले वर्ष 46 करोड़ डॉलर था।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें