फोटो गैलरी

Hindi Newsकांग्रेस छिप जाती है धर्मनिरपेक्षता के बुर्के में: मोदी

कांग्रेस छिप जाती है धर्मनिरपेक्षता के बुर्के में: मोदी

भाजपा में अपनी प्रोन्नति के बाद चुनावी मूड़ में आते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्थव्यवस्था में गिरावट, रुपये के अवमूल्यन को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर रविवार को करारा प्रहार...

कांग्रेस छिप जाती है धर्मनिरपेक्षता के बुर्के में: मोदी
एजेंसीSun, 14 Jul 2013 11:40 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा में अपनी प्रोन्नति के बाद चुनावी मूड़ में आते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्थव्यवस्था में गिरावट, रुपये के अवमूल्यन को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर रविवार को करारा प्रहार किया और कांग्रेस पर अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए धर्मनिरपेक्षता के बुर्के के पीछे छिपने का आरोप लगाया।

गुजरात के मुख्यमंत्री ने गरीबी हटाने के अपने वादे पर विफल रहने पर एवं (गरीबों को) खाद्य सुरक्षा कानून वाला महज एक कागज का टुकड़ा सौंपने को लेकर कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने यह कहते हुए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा कि सर्वश्रेष्ठ अर्थशास्त्रियों में शुमार होने के बाद भी वह विनाश के मार्ग पर चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रुपए का अवमूल्यन हो रहा है क्योंकि जो लोग दिल्ली में बैठे हैं वे रुपए लूटने और खाने में व्यस्त हैं। कांग्रेस एक ऐसी धारा है जहां श्रेष्ठ अर्थशास्त्री भी विनाश के पथ पर चलने लगता है।
कांग्रेस में राहुल गांधी को अहम स्थान देने पर पार्टी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस की वंशवादी राजनीति देश के समक्ष खड़ी समस्याओं की जड़ है। वंशवाद ने जनाकांक्षाओं को कुचला है। कांग्रेस ने लोगों को हल्के में लिया है। राहुल का नाम लिए बगैर उन्होंने उन पर कटाक्ष किया, कांग्रेस साहबजादे गरीब लोगों के घर जाते हैं और जो कभी महल थे, उनके भग्नावशेष को दिखाने के लिए मीडिया को बुलाते हैं और कहते हैं देखिए यह हमारे पूर्वजों ने क्या कर रखा है।

गुजरात दंगे को लेकर अपनी सरकार पर बचाव करने पर विरोधियों के निशाने पर आए मोदी ने कहा कि जरा गौर से देखिए। जब भी कांग्रेस चुनौतियों से घिरी होती है, चाहे वह भ्रष्टाचार हो, महंगाई हो, उच्चतम न्यायालय के निर्देश हों, किसी मंत्री का जेल जाना हो, लड़कियों से बलात्कार हो या असुरक्षा का माहौल हो, वह लोगों के सवालों का जवाब नहीं देती। उन्होंने कहा कि जब भी संकट पैदा होता है, वे धर्मनिरपेक्षता का बुर्का पहन लेते हैं और बंकर में छुप जाते हैं। भाजपा ने अक्सर कांग्रेस पर अल्पसंख्यक तुष्टिकरण एवं वोटबैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें