फोटो गैलरी

Hindi Newsउत्तर भारत में गिरा पारा, केरल पहुंचा मानसून

उत्तर भारत में गिरा पारा, केरल पहुंचा मानसून

उत्तर भारत के पूरे क्षेत्र के तापमान में शनिवार को मामूली गिरावट दर्ज की गयी जबकि देश के दक्षिणी हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच गया है तथा केरल एवं लक्षद्वीप में बौछार हुई। दिल्ली में पारा...

उत्तर भारत में गिरा पारा, केरल पहुंचा मानसून
एजेंसीSat, 01 Jun 2013 11:47 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर भारत के पूरे क्षेत्र के तापमान में शनिवार को मामूली गिरावट दर्ज की गयी जबकि देश के दक्षिणी हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच गया है तथा केरल एवं लक्षद्वीप में बौछार हुई। दिल्ली में पारा लगातार गिरावट पर है और यहां का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। यह कल 40.6 डिग्री सेल्सियस था।  हालांकि, आर्द्रता के 45 से लेकर 70 प्रतिशत के बीच में रहने से कई दिल्लीवासी पसीने से बेहाल रहे।

इस बीच, पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक या दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा हुई जिससे गोरखपुर और बरेली मंडल के दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कानपुर में सात सेंटीमीटर जबकि गोरखपुर मंडल में तीन सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। देवरिया और इलाहाबाद (दोनों स्थान पर दो सेंटीमीटर) और शाहजहांपुर में (एक सेंटीमीटर) वर्षा दर्ज की गई।
 
इटावा राज्य का लगातार गर्म स्थान बना हुआ है। कल के 45.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले वहां का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केन्द्र शासित प्रदेश और संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में कल के 40.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज 36 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

पंजाब में लुधियाना का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां पर कल का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अमृतसर में तापमान कल के 44 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा में, हिसार के अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई और यह 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि भिवानी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज किया गया। चुरू राज्य का सबसे गर्म स्थान बना रहा और वहां का अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य में बीकानेर (45.4 डिग्री), जैसलमेर (43.9), और बाड़मेर (43.2) कुछ अन्य स्थान हैं जहां का तापमान अधिक रहा। मौसम अधिकारियों ने बताया कि केरल और लक्षद्वीप में एक जून को मानसून पहुंचने की भविष्यवाणी इस साल सही साबित हुई है। उन्होंने कहा कि मानसून के आगमन की स्थिति अनुकूल है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा मानसून को लेकर जारी बुलेटिन के मुताबिक, अगले दो दिनों तक मानसून के लिए स्थितियां अनुकूल है और दक्षिणी क्षेत्र में काफी अच्छी बारिश होने की संभावना है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें