कश्मीर में ठंड का कहर जारी, तापमान में गिरावट
कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र अब भी अत्यधिक ठंड की चपेट में बना हुआ है। रात के समय तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि गर्मियों की राजधानी श्रीनगर...
कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र अब भी अत्यधिक ठंड की चपेट में बना हुआ है। रात के समय तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में रात का तापमान गुरुवार के तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिरकर शून्य से चार डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
लद्दाख के बर्फीले मरुस्थल के रूप में जाने वाला शहर करगिल शून्य से 18.6 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा, जबकि गुरुवार की अपेक्षा यहां का तापमान शून्य से 18.2 डिग्री सेल्सियम कम दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि समीपवर्ती लेह शहर में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 17.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार का तापमान शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था।
प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिणी कश्मीर में स्थित पहलगाम में तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। जबकि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में यह शून्य से 9.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि घाटी और सीमावर्ती क्षेत्र लद्दाख में तापमान में सुधार की संभावना 12 जनवरी से 13 जनवरी के बीच हो सकती है, जबकि राज्य के कई इलाकों में ताजा हिमपात होने की संभावना है।