इस्तीफा दें वीरभद्र सिंह: भाजपा
केन्द्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ रिश्वतखोरी के एक मामले में आरोप लगने के परिप्रेक्ष्य में भाजपा ने सोमवार को कहा कि सिंह को इस्तीफा देना चाहिए और यदि वह ऐसा करने से इंकार करते हैं तो...
केन्द्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ रिश्वतखोरी के एक मामले में आरोप लगने के परिप्रेक्ष्य में भाजपा ने सोमवार को कहा कि सिंह को इस्तीफा देना चाहिए और यदि वह ऐसा करने से इंकार करते हैं तो प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उन्हें तत्काल बर्खास्त करना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भाजपा मांग करती है कि सिंह को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। यदि वह ऐसा करने से इंकार करें तो मनमोहन उन्हें बर्खास्त करें। नड्डा का दावा है कि संप्रग सरकार के आधे मंत्रियों के खिलाफ आरोप हैं और कई अन्य के खिलाफ आरोप तय हो रहे हैं।
शिमला में विशेष न्यायाधीश बीएल सोनी ने कहा कि सिंह और उनकी पत्नी के खिलाफ सीडी मामले में आरोप तैयार करने के पर्याप्त साक्ष्य हैं। इस सीडी में वे कथित रूप से आईएएस अधिकारी मोहिन्दर लाल और कुछ अन्य उद्योगपतियों से मौद्रिक लेनदेन के बारे में बात कर रहे हैं।
विशेष अदालत ने आईपीसी की धारा 120 बी और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा सात, 11 और 13 के तहत आरोप तय किए हैं। जिस समय कथित वार्ता हुई, सिंह हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।