फोटो गैलरी

Hindi Newsसिब्बल के क्षेत्र में लोकपाल पर जनमत

सिब्बल के क्षेत्र में लोकपाल पर जनमत

गांधीवादी अन्ना हजारे के स्वयंसेवकों ने लोकपाल के मुद्दे पर जनमत संग्रह के जरिए सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश के तहत गुरुवार को केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र चांदनी चौक के...

सिब्बल के क्षेत्र में लोकपाल पर जनमत
एजेंसीThu, 21 Jul 2011 11:42 AM
ऐप पर पढ़ें

गांधीवादी अन्ना हजारे के स्वयंसेवकों ने लोकपाल के मुद्दे पर जनमत संग्रह के जरिए सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश के तहत गुरुवार को केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र चांदनी चौक के करीब 10 विभिन्न इलाकों में अपना सर्वेक्षण शुरू कर दिया।

यह सर्वेक्षण 24 जुलाई तक चलेगा। इसके लिए हजारे के आंदोलन इंडिया अगेन्स्ट करप्शन ने विभिन्न संगठनों के सैकड़ों स्वयंसेवियों की मदद ली है। जनमत संग्रह के लिए हो रही इस रायशुमारी के पहले दिन गुरुवार सुबह स्वयंसेवियों ने सिब्बल के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र चांदनी चौक के 10 स्थानों पर प्रश्नावली वितरित करने का काम शुरू किया।

ये 10 क्षेत्र हैं निमरी कॉलोनी, वजीरपुर, आदर्श नगर, धीरपुर, पश्चिम विहार उत्तर, पश्चिम विहार दक्षिण, रामपुरा, शकूरपुर, इंद्रलोक और मॉडल टाउन। इसके लिए इंडिया अगेन्स्ट करप्शन ने अपना नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है ताकि प्रश्नावली वितरित कर रहे स्वयंसेवियों के साथ समन्वय रखा जा सके।

इस गैर-सरकारी संगठन की प्रवक्ता अश्वती मुरलीधन ने कहा कि प्रश्नावली वितरित करने का काम सुबह करीब साढ़े दस बजे शुरू हुआ। सर्वेक्षण के पहले दिन के लिए चांदनी चौक निर्वाचन क्षेत्र के 10 वार्डों को चुना गया है। शेष इलाकों में शुक्रवार को प्रश्नावली वितरित की जाएगी। इन प्रश्नावली को लोगों के जवाब के साथ एकत्रित करने का काम 23 जुलाई से शुरू होगा।

चार दिन चलने वाली इस कवायद में जनता से सीधे सवाल किया जा रहा है कि लोकपाल विधेयक पारित कराने के लिए वह संसद से क्या अपेक्षा रखती है। इस निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 14 लाख है। हजारे पक्ष ने सात लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें