फोटो गैलरी

Hindi News121 करोड़ भारतीयों की हुंकार, जय हो...

121 करोड़ भारतीयों की हुंकार, जय हो...

टीम इंडिया की विश्वकप के सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर शानदार जीत के बाद एक साथ होली और दीवाली मना चुके करोड़ों भारतीय क्रिकेटप्रेमियों को फाइनल में भी धोनी के धुरंधरों से 'लंका विजय'...

121 करोड़ भारतीयों की हुंकार, जय हो...
एजेंसीSat, 02 Apr 2011 01:14 PM
ऐप पर पढ़ें

टीम इंडिया की विश्वकप के सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर शानदार जीत के बाद एक साथ होली और दीवाली मना चुके करोड़ों भारतीय क्रिकेटप्रेमियों को फाइनल में भी धोनी के धुरंधरों से 'लंका विजय' की उम्मीद है।

भारत ने कपिलदेव की कप्तानी में 1983 में पहली बार विश्वकप जीतने का कारनामा किया था और अब 28 वर्ष बाद धोनी के जांबाज इतिहास दोहराने के करीब हैं। भारत के क्रिकेटप्रेमियों को पूरी उम्मीद है कि टीम इंडिया उन्हें फिर से जश्न मनाने का मौका देगी।

पूरा देश श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को वानखेडे़ स्टेडियम में माही की सेना की जीत की उम्मीद और दुआ कर रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ हाई वोल्टेज सेमीफाइनल मैच से पहले हर भारतीय ने धर्म और मजहब से ऊपर उठते हुए टीम इंडिया की जीत की दुआ की थी।

विश्वकप के इतिहास को देखा जाए तो श्रीलंका का भारत पर पलड़ा भारी रहा है। वर्ष 1979 से लेकर 2007 तक दोनों टीमों के बीच सात बार मुकाबला हुआ, जिसमें श्रीलंका ने चार बार जीत हासिल की। वर्ष 1979 में क्रिकेट के मेमने श्रीलंका ने भारत को मैनचेस्टर में 47 रन से हराया था। उसके बाद 1992 में दोनों का मुकाबला वर्षा से धुल गया था।

वर्ष 1996 में श्रीलंका ने भारत को दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में छह विकेट से शिकस्त दी थी और दोनों टीमों के बीच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में सेमीफाइनल में मुकाबला हुआ। जहां भारत की लड़खडा़हट के बाद दर्शकों ने हंगामा किया और श्रीलंका को विजेता घोषित कर दिया गया।

हालांकि भारत ने वर्ष 1999 में श्रीलंका को टांटन में 157 रन से और 2003 में श्रीलंका को जोहानसबर्ग में 183 रन से से पराजित किया। वेस्टइंडीज में हुए पिछले विश्वकप में भारत को अपने अंतिम लीग मुकाबले में श्रीलंका के हाथों 69 रन की शिकस्त झेलनी पडी़ और वह पहले ही दौर में बाहर हो गया।

भारत के पास अब अपने मैदान में मौका है कि वह 121 भारतीयों की हुंकार के दम पर श्रीलंका को वानखेडे़ में नेस्तनाबूद कर दे और किसी मेजबान के अपनी धरती पर विश्वकप जीतने का इतिहास बना दे। श्रीलंका 1996 में चैंपियन बना था लेकिन वह मुकाबला उसने लाहौर में जीता था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें