फोटो गैलरी

Hindi Newsदिल्ली में गोलीबारी में दो ताइवानी घायल

दिल्ली में गोलीबारी में दो ताइवानी घायल

राष्ट्रमंडल खेल से कुछ ही दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने रविवार सुबह पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद के पास एक पर्यटक वाहन पर कई गोलियां चलाई जिसमें...

दिल्ली में गोलीबारी में दो ताइवानी घायल
एजेंसीSun, 19 Sep 2010 06:22 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रमंडल खेल से कुछ ही दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने रविवार सुबह पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद के पास एक पर्यटक वाहन पर कई गोलियां चलाई जिसमें ताइवान के दो नागरिक घायल हो गए।

इस घटना के बाद पूरी राजधानी में रेड एलर्ट घोषित कर दिया गया है। मोटरसाइकिल सवार ने साढे़ ग्यारह बजे मस्जिद के गेट नंबर तीन पर शाही इमाम अहमद बुखारी के आवास से महज 100 मीटर दूर खड़े एक वाहन पर सात-आठ गोलियां चलाई। घायलों को तुरंत लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

गृह मंत्री पी चिदम्बरम ने अस्पताल जाकर उनके हाल चाल जाने और वहां उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्साकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि यह निश्चित रूप से चिंताजनक घटना है लेकिन इसकी वजह से दहशत में आने की जरूरत नहीं है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घायलों की पहचान सेसेवीन (27 वर्ष) और सिंग्लो (28 वर्ष) के रूप में की गई है। पांच सदस्यीय ताइवान नागरिकों का दल शनिवार को राजधानी पहुंचा था। उन्हें मंगलवार को जयपुर के लिए रवाना होना था और इसके बाद आगरा होते हुए 27 सितंबर को यहां वापस लौट कर ताइवान के लिए रवाना होना था।

एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक अमित बनर्जी ने कहा कि घायलों में सेसेवीन के सिर में गोली लगी जबकि सिंग्लो के पेट में गोली लगी है। उनका आपरेशन किया जा रहा है। गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल से कुछ ही दिन पहले हुई इस गोलीबारी की घटना के मद्देनजर वे घटनाक्रमों पर करीबी नजर रख रहे हैं। दिल्ली पुलिस से इस घटना की रिपोर्ट मांगी गई है।

यह पूछे जाने पर कि क्या सुरक्षा एजेंसियां इस घटना के मंसूबों का पता लगाने में सक्षम है तो अधिकारियों ने बताया कि अभी कोई मूल्यांकन करना जल्दबाजी होगी और जांच कार्य जारी है। दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त करनैल सिंह ने कहा कि घटनास्थल से चार गोलियां बरामद की गई हैं और गोलियां 9 एमएम के पिस्तौल एवं कार्बाइन से चलाए जाने की आशंका है।

सिंह ने कहा कि रेड एलर्ट जारी कर दिया गया है और कई नाकों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। हमें विश्वास है कि हमलावरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल प्रमोद ने हमलावरों का पीछा किया लेकिन वह मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मैं पुलिस आयुक्त से लगातार सम्पर्क में हूं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से घायलों के लिए चिंता की कोई बात नहीं है।

यह पूछे जाने पर कि तीन से 14 अक्टूबर से पहले सुरक्षा संबंधी कोई चिंता की बात तो नहीं है, दीक्षित ने कहा कि यह दुखद घटना है। ऐसी घटना चिंताजनक है लेकिन घबराने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मानना गलत है कि इन दोनों घायलों को विशेष तौर पर निशाना बनाया गया था क्योंकि हमलावरों ने पर्यटक वाहन पर गोली चलाई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई तरह के सुरक्षा उपाए किए गए हैं। लेकिन जहां कहीं भी कमी है उसे दूर करने के उपाए किए जाएं। बहरहाल, इमाम बुखारी ने इसे आतंकी घटना करार दिया जिसका मकसद अफरा तफरी फैलाना है। बुखारी ने कहा कि यह राष्ट्रमंडल खेल को असफल बनाने की साजिश है। गोलीबारी की घटना के कुछ ही घंटे बाद घटनास्थल से महज 15 मीटर दूर एक कार के सीएनजी सिलिंडर में विस्फोट के कारण आग लग गई। हालांकि पुलिस ने इसका गोलीबारी की घटना से कोई संबन्ध होने से इंकार किया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें