फोटो गैलरी

Hindi Newsओबीसी की केन्द्रीय सूची में संसोधन प्रस्ताव कैबिनेट को मंजूर

ओबीसी की केन्द्रीय सूची में संसोधन प्रस्ताव कैबिनेट को मंजूर

केन्द्र ने छह राज्यों और एक संघशासित क्षेत्र के लिए अन्य पिछडे वर्ग की केन्द्रीय सूची में शामिल जातियों और समुदायों के नामों में संशोधन के प्रस्ताव को गुरुवार को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री मनमोहन...

ओबीसी की केन्द्रीय सूची में संसोधन प्रस्ताव कैबिनेट को मंजूर
एजेंसीThu, 22 Jul 2010 03:10 PM
ऐप पर पढ़ें

केन्द्र ने छह राज्यों और एक संघशासित क्षेत्र के लिए अन्य पिछडे वर्ग की केन्द्रीय सूची में शामिल जातियों और समुदायों के नामों में संशोधन के प्रस्ताव को गुरुवार को मंजूरी दे दी।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक के बाद जारी सरकारी बयान में कहा गया कि छत्तीसगढ़, झारखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान के अलावा संघशासित क्षेत्र दमन दीव में अन्य पिछडे वर्ग की केन्द्रीय सूची में शामिल जातियों और समुदायों के नामों में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट ने यह फैसला राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सिफारिश पर किया है। सामाजिक अधिकारिता एवं महिला सशक्तीकरण मंत्रालय छत्तीसगढ़ और झारखंड के मामले में अन्य पिछडे वर्ग (ओबीसी) की केन्द्रीय सूची पहली बार जारी करेगा। साथ ही हरियाणा, हिमाचल, कर्नाटक और राजस्थान के साथ साथ दमन दीव के ओबीसी की केन्द्रीय सूची में संशोधन भी किया जाएगा।

बयान के मुताबिक इन राज्यों और संघशासित क्षेत्रों के समुदायों को ओबीसी की केन्द्रीय सूची में शामिल करने से उन्हें केन्द्र सरकार की नौकरियों और केन्द्रीय शैक्षिक संस्थानों में आरक्षण का लाभ मिल सकेगा।

कैबिनेट ने बिहार की अदरखी जाति को ओबीसी की केन्द्रीय सूची में शामिल करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग की सिफारिश पर यह फैसला किया गया। सरकारी बयान के मुताबिक अदरखी समुदाय को सूची में शामिल करने से वह सरकारी नौकरियों और शैक्षिक संस्थानों में आरक्षण का लाभ हासिल कर सकेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें