ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीदिल्ली में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने किया योग

दिल्ली में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने किया योग

तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर आयोजित कार्यक्रमों में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने योग किया। आयुष मंत्रालय व नई दिल्ली नगर पालिका परिषद द्वारा कनॉट प्लेस में...

दिल्ली में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने किया योग
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीWed, 21 Jun 2017 10:59 PM
ऐप पर पढ़ें

तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर आयोजित कार्यक्रमों में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने योग किया। आयुष मंत्रालय व नई दिल्ली नगर पालिका परिषद द्वारा कनॉट प्लेस में आयोजित कार्यक्रम में बीस हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। केन्द्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविन्द भी इसमें शामिल रहे। योग दिवस के मौके पर दिल्ली के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। खासतौर पर कनॉट प्लेस में योग करने के लिए तड़के पांच बजे से ही लोग जुटना शुरू हो गए। यहां पर कनॉट प्लेस के इनर सर्कल, छह रेडियस मार्गों और आउटर सर्कल में योगासन कार्यक्रम आयोजित किया गया। अलग-अलग संस्थाओं के स्वयंसेवकों के अलावा आम लोग भी काफी तादाद में यहां पर योग करने पहुंचे। यहां पर लगभग बीस हजार लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लिया। एनडीएमसी ने अपने तीन बड़े उद्यानों लोधी गार्डेन, तालकटोरा गार्डेन और नेहरू पार्क में योगासन कार्यक्रम आयोजित किया था। यहां पर एक महीने से योग प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहे थे। बुधवार की सुबह यहां भी योग करने वालों की खासी भीड़ जुटी। खासतौर पर नेहरू पार्क में विदेशी दूतावास में काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी योग किया। जबकि, शाम के समय इंडिया गेट पर स्थित चिल्ड्रेंस पार्क में किड्स योग के साथ एनडीएमसी के योग दिवस कार्यक्रम का समापन किया गया। दिल्ली के नगर निगमों की ओर से भी योग दिवस कार्यक्रम बढ़-चढ़कर आयोजित किया गया। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने सभी छह जोन के एक-एक पार्क या उद्यान में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया। जबकि, दक्षिणी निगम द्वारा तालकटोरा स्टेडियम में योगदिवस दिवस मनाया गया। यहां पर निगम स्कूलों के बच्चों ने अलग-अलग योगासन करके बताए। यहां पर लोगों को योग के फायदे भी बताए गए। इसके अलावा, लाल किले पर व मोहल्ले के पार्कों व संस्थान परिसरों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। शरीर, मन और आत्मा का विकास है योग: वेंकैया नायडू योग कोई धार्मिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा का समन्वयकारक विकास है। केन्द्रीय शहरी विकास एवं सूचना प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने यह बात तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कनॉट प्लेस में आयोजित कार्यक्रम में कही। नायडू ने कहा कि शरीर एक नश्वर काया है और इसे वास्तविकता में पहचानने के लिए योग ही पर्याप्त साधन है। योग जीवन जीने की ऐसी पद्धति है जो स्वस्थ मन और शरीर के उद्देश्य को पूरा करते ही। नायडू ने कहा कि हमें योग को जनआंदोलन बनाना होगा, लोगों को इससे जोड़ना होगा। मानवता की एकता को इसी के माध्यम से मजबूत बनाया जा सकता है। बिहार के पूर्व राज्यपाल व राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद ने कहा कि योग हमारी प्राचीन विरासत का अंग है जो हमारे शरारीरिक, मानसिक और आंतरिक अवचेतन के समग्र स्वास्थ्य की आध्यात्मिक जीवन पद्धति है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपने दैनिक जीवन का अंग बनाना चाहिए। केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री विजय गोयल ने इस अवसर पर लोगों का आह्वान किया कि वे योग को अपने जीवन का अंग बनाकर अपनी जिंदगी को और बेहतर बनाएं। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने इस मौके पर कहा कि पूरा विश्व योग को अंतरराष्ट्रीय महत्ता देते हुए आज योग कर रहा है यह भारतवर्ष के लिए गौरव का विषय है। सांसद मीनाक्षी लेखी, गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा, दिल्ली के मुख्य सचिव एमएम कुट्टी, एनडीएमसी प्रमुख नरेश कुमार आदि ने भी योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। योग संस्थाओं ने भी लिया हिस्सा: कनॉट प्लेस में आयोजित योग दिवस समारोह में तमाम योग संस्थाओँ के स्वयंसेवी भी शामिल हुए। पतंजलि योग पीठ, आर्ट ऑफ लीविंग, मां शक्ति, प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के प्रशिक्षित स्वयंसेवियों ने योगाभ्यास का प्रदर्शन किया। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस, एनडीएमसी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, आईटीबीपी के जवानों ने भी योगाभ्यास किया। दूसरी बार हुआ सीपी में योगाभ्यास: कनॉट प्लेस में योगाभ्यास का कार्यक्रम दूसरी बार आयोजित किया गया। आयुष मंत्रालय द्वारा प्रथम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इंडिया गेट पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जबकि, द्वितीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कनॉट प्लेस पर आयोजित किया गया। इसी क्रम में इस बार भी सीपी में इसे आयोजित किया गया। डीडीए के पार्कों में भी लोग योग करने जुटे: डीडीए के पार्कों में भी लोग बड़ी संख्या में योग करने जुटे। द्वारका सेक्टर 11 स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क, रोहिणी के स्वर्ण जयंती पार्क, पूर्वी दिल्ली स्थित यमुना स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में सामूहिक योगसत्र का आयोजन किया गया। इसके अलावा डीडीए के सभी खेल परिसरों, इंद्रप्रस्थ स्थित मिलेनियम पार्क, महाराजा अग्रसेन सूरजमल पार्क और तुगलकाबाद में भी लोगों दस हजार से ज्यादा लोगों ने योग किया। निगम के बच्चों ने योग से मनमोहा नई दिल्ली। योग दिवस के मौके पर दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की ओर से तालकटोरा स्टेडियम में योगासन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर निगम स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों ने अलग-अलग योगासन का प्रदर्शन करके लोगों का मन मोह लिया। निगम स्कूलों के बच्चों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, शशांकासन, दंडासन, व्रजासन, भुजंगासन, मकरासन, सेतुबंधासन, शवासन और प्राणायाम का प्रदर्शन किया। इस मौके पर मुख्यअतिथि सांसद व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि नियमित योग करने से स्वस्थ और रोग मुक्त जीवन निश्चित है। निगमायुक्त डॉ. पुनीत गोयल ने कहा कि योग जीवन जीने का सर्वश्रेष्ठ तरीका है और इससे सकारात्मक सोच और ऊर्जा मिलती है। दूसरी ओर, उत्तरी निगम की ओर से अजमल खां पार्क करोलबाग में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मेयर प्रीति अग्रवाल ने कहा कि योगाभ्यास करने से जिम में जाने की जरूरत नहीं रहती है। निगमायुक्त प्रवीण गुप्ता ने कहा कि योग लगातार ज्यादा लोकप्रियता हासिल कर रहा है। लालकिले के लॉन में ब्रह्मकुमारियों ने किया योग नई दिल्ली। लाल किले के लॉन में योग दिवस के मौके पर ब्रह्मकुमारियों ने योग किया। इसमें पांच हजार के लगभग महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। आयोजन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषणों के सीधे प्रसारण के माध्यम से हुई। यहां पर लखनऊ के कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए छह स्क्रीन लगाए गए थे। लेकिन, बारिश की वजह से तीन स्क्रीन से ही सीधा प्रसारण हुआ। बारिश के बावजूद लोगों ने यहां पर उत्साह से योगाभ्यास किया। उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज, फादर फिलिक्स जोन्स, दिलदार हुसैन बेग आदि इसमें शामिल हुए। स्कूलों में योग लाना अच्छा विचार: केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार स्कूलों में योग लागू करने पर विचार कर रही है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवर के अवसर पर कनॉट प्लेस में आयोजित समारोह से अलग उन्होंने यह बात कही। केजरीवाल ने कहा कि स्कूलों में योग लाना एक अच्छा विचार है। इस बारे में वे उप मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया से बात करेंगे। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए योग का दैनिक जीवन में अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खासकर शहरी वर्ग की व्यस्त जीवन पद्धति के लिए योग आज समय की जरूरत है। उन्होंने दिल्ली के सभी स्कूलों में भी योग को लागू करने की बात कही। शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग अहम: राष्ट्रपति राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को अहम बताया है। राष्ट्रपति भवन के अधिकारियों एवं स्टाफ के सदस्यों और उनके परिजनों के साथ राष्ट्रपति एस्टेट के निवासियों ने बड़ी संख्या में योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसका उद्घाटन करते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि योग एक प्राचीन भारतीय परंपरा है जो कई बीमारियों एवं स्वास्थ्य संबंधी विकारों के उपचार में बहुत उपयोगी है। राष्ट्रपति ने सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत किया और उनसे प्रतिदिन योग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दिमाग एवं शरीर में ही ईश्वर वास करता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें