ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR गाज़ियाबाद जूडो का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकला असलहा तस्कर , गिरफ्तार

जूडो का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकला असलहा तस्कर , गिरफ्तार

जूडो का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी असलहे का तस्कर निकला। एसपी सिटी की अपराध शाखा टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर के 17 तमंचे बरामद किए हैं। वह लोनी इलाके में स्पोर्ट्स एकेडमी के नाम पर...

जूडो का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकला असलहा तस्कर , गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,गाज़ियाबादFri, 23 Jun 2017 10:53 PM
ऐप पर पढ़ें

जूडो का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी असलहे का तस्कर निकला। एसपी सिटी की अपराध शाखा टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर के 17 तमंचे बरामद किए हैं। वह लोनी इलाके में स्पोर्ट्स एकेडमी के नाम पर अवैध असलहे की तस्करी कर रहा था। आरोपी पिछले दो साल से इसी काम में जुटा था। टीम ने शुक्रवार सुबह चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन रोड से आरोपी को दबोच लिया। वह उस वक्त बैग में असलहे रखकर सप्लाई करने जा रहा था। प्रेमनगर, लोनी निवासी विक्की पांचाल जूडो का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है और लोनी में टाइगर स्पोर्ट्स एकेडमी का संचालन करता है। वह यहां दर्जनों बच्चों को जूडो की ट्रेनिंग देता है और मार्शल आर्ट सिखाता है। कर्ज में डूबने के बाद दो साल पहले वह लोनी के रहने वाले अजय के संपर्क में आया। इसके बाद अजय के माध्यम से विक्की को तमंचा मिलने लगा और जूडो की कोचिंग की आड़ में वह तमंचे की तस्करी करने लगा। इस दौरान वह अपने विश्वासी लोगों के माध्यम से ही इसकी सप्लाई करता था। एसपी सिटी आकाश तोमर का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी अंतरराष्ट्रीय स्तर का जूडो का खिलाड़ी है। पिछले दो सालों से वह कुछ लोगों के संपर्क में आकर असलहे की तस्करी कर रहा था। कमेटी में हुआ घाटा तो करने लगा तस्करी दो साल पहले विक्की ने अपने भाई के साथ एक कमेटी शुरू की थी। इसमें विक्की को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हो गया। इसके बाद इसने कई लोगों से ब्याज पर पैसे उधार ले लिए। ब्याज के पैसे चुकाने में वह कंगाल हो गया और एक दोस्त के माध्यम से अवैध असलहे की तस्करी करने लगा। इसके बाद से वह लगातार इस काम को अंजाम देता रहा। अजय से खरीदता था तमंचा लोनी में अजय, कसुमउद्दीन, हाशिम और महमूद अवैध तमंचे की फैक्टरी चलाते थे। इस फैक्टरी को पिछले सप्ताह ही दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था और चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि विक्की और अजय आपस में जानकार थे। अजय अपनी फैक्टरी से निर्मित तमंचे को सप्लाई करने के लिए विक्की को देता था। गिरोह में कसुमउद्दीन तमंचा और महमूद नाल बनाने में एक्सपर्ट था। चार से पांच हजार में बेचता था तमंचा एसपी सिटी आकाश तोमर का कहना है कि विक्की को तमंचा तीन से साढ़े तीन हजार रुपये में मिलता था। उसे विक्की चार से पांच हजार रुपये में बेचता था। वह अब तक 50 से अधिक तमंचे बेच चुका है। कुछ दिनों तक वह काफी विश्वसनीय लोगों के माध्यम से तमंचा बेचा करता था। इस कारण वह पुलिस से बच रहा था। हाल के दिनों में उसने किसी गिरोह के साथ डील की थी और उसी के लिए एक साथ 17 तमंचे लेकर जा रहा था। पुलिस उस गिरोह का भी पता लगा रही है। इंडोनेशिया के खिलाड़ी से आजमाया था हाथ विक्की पांचाल पिछले आठ साल से जूडो के खेल से जुड़ा हुआ था। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खेल चुका है। वह वर्ष 2014 व 15 में मुंबई में दो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में इंडोनेशिया के खिलाड़ी के साथ खेल चुका है। पिछले कुछ सालों से वह लोनी में स्पोर्ट्स एकेडमी चला रहा था। उस एकेडमी में अभी 45 बच्चे इससे ट्रेनिंग ले रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें