पलवल में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत
अमरपुर के स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद नवजात बच्ची की मौत हो गई। उसके कुछ देर बाद नूहं मेडिकल कॉलेज में नवजात को जन्म देने वाली महिला की भी मौत हो गई। पुलिस ने जच्चा-बच्चा की के शवों को पलवल के...
अमरपुर के स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद नवजात बच्ची की मौत हो गई। उसके कुछ देर बाद नूहं मेडिकल कॉलेज में नवजात को जन्म देने वाली महिला की भी मौत हो गई। पुलिस ने जच्चा-बच्चा की के शवों को पलवल के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मौत के पुख्ता कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक के ताऊ के बेटे सतप्रकाश ने अपनी बहन के ससुरालियों पर गर्भवती होने के दौरान बहन को पौष्टिक आहार न देने और देखभाल न करने का आरोप लगाया है। कमजोर हालत के कारण प्रसव पीड़ा से उसकी बहन की मौत हुई है। सोलड़ा निवासी करीब 25 वर्षीय सुशीला पत्नी नरोत्तम रामपुर खोर गांव में ब्याही थी। प्रसव के लिए बुधवार को उसके ससुरालियों ने उसे अमरपुर गांव के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवा दिया था। भर्ती होने के बाद महिला को बच्ची पैदा हुई थी। कथित तौर पर पैदा होते ही बच्ची की मौत हो गई। इस दौरान महिला की हालत भी खराब हो गई। उसे अमरपुर से पलवल के सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने के कारण महिला को नूंह मेडिकल कॉलेज के लिए रैफर कर दिया गया। देर शाम महिला की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। अमरपुर पुलिस चौकी प्रभारी मंगल सिंह ने बताया कि महिला को मृत बच्ची पैदा हुई थी। पुलिस को महिला के मायके वालों ने ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, मृतक के ताऊ के बेटे सतप्रकाश ने बताया कि नवजात बच्ची की पैदा होने के बाद मौत हुई थी।