ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशदेश के सभी शीर्ष पद अब BJP के पास, तीनों सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर RSS की पृष्ठभूमि के लोग

देश के सभी शीर्ष पद अब BJP के पास, तीनों सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर RSS की पृष्ठभूमि के लोग

उप राष्ट्रपति पद पर वेंकैया नायडू के निर्वाचन के साथ सभी शीर्ष निर्वाचित पदों पर अब भाजपा नेता आसीन हो गए हैं। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष पर पार्टी काबिज हो गई है। इस...

देश के सभी शीर्ष पद अब BJP के पास, तीनों सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर RSS की पृष्ठभूमि के लोग
रामनारायण श्रीवास्तव,नई दिल्लीSun, 06 Aug 2017 12:56 AM
ऐप पर पढ़ें

उप राष्ट्रपति पद पर वेंकैया नायडू के निर्वाचन के साथ सभी शीर्ष निर्वाचित पदों पर अब भाजपा नेता आसीन हो गए हैं। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष पर पार्टी काबिज हो गई है। इस तरह संसदीय इतिहास में भाजपा ने अब पूरी तरह से कांग्रेस की जगह ले ली है।
 
तीन साल पहले लोकसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा ने दो दिन पहले राज्यसभा में कांग्रेस को हटाकर सबसे बड़ी पार्टी का तमगा भी हासिल किया। साल 2014 से 2017 के बीच भाजपा ने जबरदस्त राजनीतिक सफलता हासिल की है। उसकी राज्य सरकारों की संख्या भी इस दौरान बढ़कर 18 राज्यों तक पहुंच गई है, जहां उसके अपने मुख्यमंत्री (13 राज्य) है या वह सरकार में शामिल हैं। खास बात यह है कि इन तीन सालों में कांग्रेस को लगातार झटके लगे हैं। उसने पहले लोकसभा चुनाव में सरकार गंवाई और उसके बाद इस साल हुए राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति चुनाव में भी उसे हार का सामना करना पड़ा। राज्यसभा के इतिहास में तो वह पहली बार दूसरे नंबर पर पहुंची है। 

तीन दशकों से ज्यादा समय तक अटल-आडवाणी की पार्टी रही भाजपा की कमान अब मोदी और शाह के नए नेतृत्व के पास है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि केंद्र में सत्ता में भाजपा पहले भी रही है, लेकिन लोकसभा में अपना स्पष्ट बहुमत, सभी शीर्ष निर्वाचित संवैधानिक पदों पर पहुंचना और उससे भी ज्यादा राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनना बड़ी उपलब्धि है। इसमें यूपी की बड़ी जीत शामिल है। राज्यसभा के लिए राज्यों को जीतना जरूरी होता है और यह भाजपा के देशव्यापी विस्तार को स्पष्ट करता है। 

बड़ी खबर: वेंकैया नायडू चुने गए भारत के 13वें उपराष्ट्रपति

राज्यसभा में ताकत और बढ़ेगी
उच्च सदन में भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाने का श्रेय मध्य प्रदेश से उपचुनाव में जीती संपतिया उईके को मिला है। राज्यसभा में भाजपा की ताकत में अगली साल और बढ़ोतरी होगी। आगामी विधानसभा चुनावों में सफलता मिलने पर एनडीए को 2019 तक उच्च सदन में भी बहुमत हासिल हो सकता है। संगठन के स्तर पर भी भाजपा ने बड़ी छलांग लगाते हुए 11 करोड़ सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने का दावा भी किया है। वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि भाजपा अपनी इस सफलता को आने वाले विधानसभा चुनाव में तो प्रचारित करेगी ही साथ ही उन राज्यों में भी जड़े मजबूत करेगी, जहां वह अभी कमजोर है।  

जीनव परिचय:वेंकैया नायडू का छात्र नेता से उपराष्ट्रपति बनने तक का सफर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें