ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशमहाराष्ट्र में कर्ज माफी से किसानों को मदद नहीं मिलने जा रही है: उद्धव

महाराष्ट्र में कर्ज माफी से किसानों को मदद नहीं मिलने जा रही है: उद्धव

भाजपा नीत महाराष्ट्र सरकार के 34022 करोड़ रुपये की कर्जमाफी योजना शुरू करने के एक दिन बाद सरकार में भागीदार शिवसेना ने रविवार को एक बार फिर इस पर असहमति जताते हुए कहा कि यह बिल्कुल उपयोगी नहीं है।...

महाराष्ट्र में कर्ज माफी से किसानों को मदद नहीं मिलने जा रही है: उद्धव
मुंबई, एजेंसीSun, 25 Jun 2017 08:05 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा नीत महाराष्ट्र सरकार के 34022 करोड़ रुपये की कर्जमाफी योजना शुरू करने के एक दिन बाद सरकार में भागीदार शिवसेना ने रविवार को एक बार फिर इस पर असहमति जताते हुए कहा कि यह बिल्कुल उपयोगी नहीं है। नासिक जिले में पिंपलागांव में पार्टी की शेतकारी संवाद यात्रा शुरू करते हुए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि सरकार ने पिछले साल 30 जून तक के बकाया कर्ज को माफ करने का फैसला किेया है।  

उन्होंने कहा कि हकीकत में आवश्यकता इस साल जून तक के बकाया कर्ज को माफ करने की थी। इसलिए इस कर्ज माफी से किसानों को मदद नहीं मिलने जा रही है। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि कर्ज माफी को मंजूर करने का फैसला किसानों के संघर्ष की जीत है। ठाकरे ने कहा कि इस फैसले से मराठवाड़ा क्षेत्र के किसान खुश हो सकते हैं, लेकिन नासिक जहां से कर्ज माफी के लिए असली संघर्ष शुरू हुआ, उन्हें अब भी कोई राहत नहीं मिली है। 

ठाकरे ने कहा कि अगर किसानों को फायदा पहुंचाना है तो स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू किया जाना चाहिए। शिवसेना यद्यपि सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है लेकिन उसने महाराष्ट्र में कर्ज माफी को लेकर इस महीने की शुरुआत में चल रहे किसानों के आंदोलन का समर्थन किया था। ठाकरे ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से आंदोलनकारी किसानों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों के मुद्दे को भी देखूंगा। मैं इस बात को सुनिश्चित करूंगा कि ये आरोप वापस लिए जाएं। राज्य सरकार के अनुसार कर्ज माफी योजना से 89 लाख किसानों को फायदा होगा। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें