ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशगुजरात चुनाव:राहुल गांधी 21 सितंबर से शुरू करेंगे पूरे प्रदेश की यात्रा

गुजरात चुनाव:राहुल गांधी 21 सितंबर से शुरू करेंगे पूरे प्रदेश की यात्रा

गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को टक्कर देने के लिए कांग्रेस भी यात्राओं की रणनीति पर आगे बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश की तरह गुजरात में भी पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी चार यात्राएं करेंगे। राहुल 21 सितंबर...

गुजरात चुनाव:राहुल गांधी 21 सितंबर से शुरू करेंगे पूरे प्रदेश की यात्रा
विशेष संवाददाता,नई दिल्लीWed, 30 Aug 2017 07:01 AM
ऐप पर पढ़ें

गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को टक्कर देने के लिए कांग्रेस भी यात्राओं की रणनीति पर आगे बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश की तरह गुजरात में भी पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी चार यात्राएं करेंगे। राहुल 21 सितंबर को द्वारका से यात्राओं की शुरुआत कर सकते हैं। इससे पहले 4 सितंबर को वह अहमदबाद में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।

गुजरात में कांग्रेस करीब दो दशक से सत्ता से बाहर है। ऐसे में पार्टी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। रणनीति के मुताबिक, राज्य के सभी हिस्सों में यात्रा की जाएगी। प्रत्येक यात्रा पांच से छह दिन की होगी। राहुल यात्राओं के दौरान जगह-जगह रुक कर लोगों को संबोधित करेंगे। इन दौरान प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। 

सोशल मीडिया की अलग रणनीति 
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले होने वाली इन यात्राओं का खाका पार्टी ने खुद तैयार किया है। पर सोशल मीडिया के इस्तेमाल के लिए पार्टी ने एक एजेंसी के साथ समझौता किया है। ताकि, इस माध्यम के जरिये सरकार की नाकामियों को लोगों तक पहुंचा सके। यूपी में किसान यात्रा के दौरान राहुल की यात्रा का रोडमैप चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने तैयार किया था।

यात्रा की जिम्मेदारी सचिव को 
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि हर हिस्से में यात्रा की जिम्मेदारी एक सचिव को सौंपी गई है। सभी चार हिस्सों में यात्राओं के जरिये पार्टी का लक्ष्य चुनाव में कम से कम सौ सीट जीतना है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 61 सीट जीती थी। पर बगावत के बाद पार्टी के पास सिर्फ 43 विधायक बचे हैं। पार्टी इन सभी विधायकों को टिकट देने का ऐलान कर चुकी है।

विधानसभा चुनाव में यात्रा द्वारका से शुरु करने का फैसला भी चुनावी गणित को ध्यान में रखते हुए किया है। सौराष्ट्र भाजपा का गढ माना जाता है। ऐसे में पार्टी ने पहली यात्रा द्वारका से शुरु करने का फैसला किया है। पार्टी रणनीतिकारों के मुताबिक, बाकी तीन यात्राओं की तिथि का ऐलान भी जल्द कर दिया जाएगा। इन यात्राओं के दौरान कांग्रेस राज्य सरकार के भ्रष्टाचार, किसान, महंगाई और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों को जोरशोर से उठाएगी।

सोनिया गांधी भी करेंगी रैली
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चुनाव के दौरान बहुत ज्यादा प्रचार नहीं करेंगी। पर पार्टी उनकी कम से कम दो चुनावी रैली कराने की तैयारी कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें