फोटो गैलरी

Hindi News नंदनअजब-गजब : जापान के इस रेस्टोरेंट में वेटर का काम करते हैं बंदर, देखें VIDEO

अजब-गजब : जापान के इस रेस्टोरेंट में वेटर का काम करते हैं बंदर, देखें VIDEO

किसी भी होटल या रेस्टोरेंट की पहचान उसकी विशिष्टता से होती है। खाने के स्वाद के अलावा खाना परोसने वाले वेटरों का व्यवहार ग्राहकों को आकर्षित करता है। इसीलिए अलग-अलग थीम पर बहुत से रेस्टोरेंट बनाए...

अजब-गजब : जापान के इस रेस्टोरेंट में वेटर का काम करते हैं बंदर, देखें VIDEO
विमल चतुर्वेदी,नई दिल्ली Thu, 02 Nov 2017 03:20 PM
ऐप पर पढ़ें

किसी भी होटल या रेस्टोरेंट की पहचान उसकी विशिष्टता से होती है। खाने के स्वाद के अलावा खाना परोसने वाले वेटरों का व्यवहार ग्राहकों को आकर्षित करता है। इसीलिए अलग-अलग थीम पर बहुत से रेस्टोरेंट बनाए जाते हैं, ताकि दुनिया में उनकी एक अलग पहचान हो। जापान की राजधानी टोकियो में भी एक ऐसा रेस्टोरेंट है, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। 
इस रेस्टोरेंट का नाम कायाबुकिया है और इसके मालिक हैं काओस ओत्सुका। इस रेस्टोरेंट की खासियत यह है कि यहां वेटर का काम आम इनसान नहीं, बल्कि बंदर करते हैं। यहां काम करने वाले दो बंदरों ने कस्टमर सर्विस का स्वरूप ही बदल दिया है। 
जापान में जानवरों पर अत्याचार पर बड़े सख्त नियम हैं। इसलिए इन बंदरों से काम लेने के लिए रेस्टोरेंट के मालिक ने सरकार से अनुमति ली है। उन्हें इन बंदरों से रेस्टोरेंट में दिन में केवल दो घंटे ही काम लेने की इजाजत है। कायाबुकिया रेस्टोरेंट के ये बंदर यूनिफॉर्म पहनकर ऐसे रहते हैं, जैसे होटल और रेस्टोरेंट के सर्विस स्टाफ के लोग रहते हैं। इन दोनों बंदरों के नाम यात चेन और फुकु चेन हैं। 
ये दोनों बंदर न केवल मेन्यू लाकर देते हैं, बल्कि ऑर्डर भी लेते हैं और खाना भी सर्व करते हैं। जैसे ही कोई ग्राहक रेस्टोरेंट में आता है तो यात चेन उसे जापानी परंपरा के अनुरूप मेज तक लेकर जाता है। फिर फुकु चेन ग्राहक को हाथ पोंछने के लिए गरम तौलिया लाकर देता है। उसके बाद एक बंदर आकर ऑर्डर लेता है और दूसरा ऑर्डर सर्व करता है। 
यात चेन की उम्र 12 साल है और फुकु चेन चार साल का है। यात चेन काफी लंबे समय से रेस्टोरेंट में है, जबकि फुकु चेन को अभी केवल दो साल का अनुभव है। 
ये दोनों बंदर सिर्फ वेटरों का काम ही नहीं करते हैं, बल्कि ग्राहकों का मनोरंजन भी करते हैं। वे तरह-तरह के मास्क लगाकर ग्राहकों को खुश करते हैं और कई करतब भी दिखाते हैं। ज्यादा मस्ती करने के लिए ये उनके ऊपर भी चढ़ जाते हैं। बंदरों की इसी धमाचौकड़ी को देखने के लिए यहां काफी लोग आते हैं। ग्राहक इन दोनों बंदरों को उबला हुआ सोयाबीन टिप के रूप में देकर जाते हैं जो इन्हें बहुत पसंद है।
रेस्टोरेंट के मालिक काओस ओत्सुका को बंदरों से काम करवाने का आइडिया तब आया, जब उनके पालतू बंदर ने उनकी नकल उतारनी शुरू कर दी। उन्होंने देखा कि यात चेन बड़े ध्यान से उनके काम को देखकर उसकी नकल करने की कोशिश कर रहा है। एक दिन उन्होंने उत्सुकतावश उसे एक ग्राहक के आने के बाद एक गरम तौलिया दिया। यात चेन उसे ग्राहक के पास ले गया। इसके बाद उन्होंने उसे होटल की पब्लिसिटी के काम पर रख लिया। 
इस रेस्टोरेंट को अंतर्राष्ट्रीय पहचान 2008 में तब मिली, जब पश्चिमी मीडिया ने इस रेस्टोरेंट की मूवी बनाकर यूट्यूब पर अपलोड की।
अब रेस्टोरेंट के मालिक काओस ओत्सुका तीन और बंदरों को ट्रेंड कर रहे हैं, ताकि रेस्टोरेंट की लोकप्रियता में और चार  चांद लग जाएं। 

यहां देखें वीडियो :

Courtesy:Caters Clips

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अगला लेख पढ़ें