ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीझारखंड को 1.45 लाख करोड़ रुपये का अनुदानः अमित शाह

झारखंड को 1.45 लाख करोड़ रुपये का अनुदानः अमित शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि 13 वें वित्त आयोग की अवधि में झारखंड को 55 हजार करोड़ मिले थे, जो अब 14वें वित्त आयोग में बढ़कर एक लाख 45 हजार करोड़ हो गया है। यह केंद्र और राज्य में...

झारखंड को 1.45 लाख करोड़ रुपये का अनुदानः अमित शाह
हिन्दुस्तान ब्यूरो,रांचीSat, 16 Sep 2017 06:29 AM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि 13 वें वित्त आयोग की अवधि में झारखंड को 55 हजार करोड़ मिले थे, जो अब 14वें वित्त आयोग में बढ़कर एक लाख 45 हजार करोड़ हो गया है। यह केंद्र और राज्य में भाजपा के सरकार होने का नतीजा है।

अमित शाह शुक्रवार को रिम्स ऑडिटोरियम में दीनदयाल संपूर्ण वांगमय के लोकार्पण समारोह के मौके पर बोल रहे थे। शाह ने कहा कि मोदी सरकार आने के पहले एक वित्त आयोग की अवधि में कुछ खास योजनाओं के लिए झारखंड को केंद्र से 39 हजार 938 करोड़ मिलता था, जो अब एक लाख 24 हजार करोड़ हो गया है।उन्होंने कहा कि  राज्य में भाजपा की सरकार बनने के एक साल के भीतर झारखंड इज ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में 36वें पायदान से ऊपर उठकर तीसरे पायदान पर आ गया। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों ने खुद को परफॉर्मर साबित किया है। अभी तक भ्रष्टाचार के दाग नहीं लगे हैं। भाजपा सरकारों के कारण बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकल गए हैं। उत्तर प्रदेश भी अगले पांच साल में इससे बाहर आ जाएगा।

भाजपा चुनाव लड़ने के लिए नहीं बनी
शाह ने भाजपा को दूसरी पार्टियों से अलग बताते हुए कहा कि जनसंघ या भाजपा की स्थापना चुनाव लड़ने और सरकार बनाने के लिए नहीं हुई है। इस पार्टी का मकसद भारत माता को विश्वगुरु बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा केवल कम्युनिस्ट पार्टियों में ही आंतरिक लोकतंत्र है। कम्युनिस्ट पार्टियां अब अप्रासंगिक हो गई हैं। कांग्रेस के पास कोई सिद्धांत नहीं है। इस पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यक्रम के नाम पर अभी तक केवल पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के अस्थि कलश घुमाए हैं। शाह ने कहा कि व्यक्तियों की परछाई में पार्टियों को इस कदर बौनी नहीं बननी चाहिए।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें