ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीसुन ले! तीन दिन में शहर की हर नाली साफ कर देगा नगर निगम

सुन ले! तीन दिन में शहर की हर नाली साफ कर देगा नगर निगम

रांची नगर निगम की नींद खुल गई। नींद खुली तो याद आया कि बरसात आनेवाली है, इसलिए नालियों की सफाई की जानी है। मंगलवार को आनन-फानन में एक बैठक बुलाई गई। इसमें अधिकारियों से कहा गया कि बरसात के पूर्व...

सुन ले!  तीन दिन में शहर की हर नाली साफ कर देगा नगर निगम
हिन्दुस्तान टीम,रांचीWed, 28 Jun 2017 01:37 AM
ऐप पर पढ़ें

रांची नगर निगम की नींद खुल गई। नींद खुली तो याद आया कि बरसात आनेवाली है, इसलिए नालियों की सफाई की जानी है। मंगलवार को आनन-फानन में एक बैठक बुलाई गई। इसमें अधिकारियों से कहा गया कि बरसात के पूर्व नालियों की सफाई कराना जरूरी है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
स्वास्थ्य शाखा को तीन दिनों के अंदर ही शहर की सभी नालियों की सफाई करने का आदेश दे दिया गया। बैठक नगर आयुक्त शांतनु अग्रहरि की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अपर नगर आयुक्त, स्वास्थ्य पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।  
मौसम विभाग की मानें तो शहर में मानसून आए 10 दिन से अधिक हो गया। इस दौरान बारिश भी हुई। हल्की बारिश में ही नालियों की स्थिति ने नगर निगम का हाल बता दिया। दिखा दिया की लाखों खर्च करके बनी नालियां कारगर नहीं है। सफाई की जरूरत सिर्फ बरसात में ही नहीं हर दिन करने को है। बारिश होते ही मेन रोड, कचहरी रोड, सरकुलर रोड, चर्च रोड में घुटनों तक पानी भर जा रहा है। नालियों की गंदगी सड़कों पर बहने लगती है। कई इलाके जलमग्न हो जा रहे है। जब-जब बारिश होती है, शहर का यही हाल हो जाता है। नगर आयुक्त ने कहा कि तीन दिनों के अंदर सभी नालियों की सफाई हो जानी चाहिए। एक भी नाला बरसात में जाम नहीं रहना चाहिए। शहर में जल जमाववाले स्थानों पर तेजी से काम करने को कहा। यहां पानी की निकासी के लिए नालियों को छेद करने का भी निर्देश आयुक्त ने दिया।  उन्होंने स्लैब काटने के लिए मशीन की खरीदारी की प्रक्रिया तेज करने का भी निर्देश दिया।
बड़ा सवाल: नगर निगम कहां से लाएगा मजदूर 
रांची नगर निगम ने तीन दिन में शहर के सभी नालियों की सफाई करने का दावा किया है, लेकिन इसके लिए उसके पास संसाधन नहीं है। नालियों की सफाई के लिए  कुल 613 मजदूर हैं। इन मजदूरों पर निगम के 55 वार्ड क्षेत्र में गली-मुहल्लों में और मुख्य नाला की सफाई की  जिम्मेवारी है। पहले निगम के पास नाली की सफाई के लिए 412 मजदूर थे। जरूरत के मुताबिक इनकी संख्या अब बढ़ायी गयी है। इसी क्रम में 201 नए ड्रेन कुली रखे गए हैं। पूरी साल जब नालियों की सफाई नहीं हो पाती, तो तीन दिन में कैसी होगी। 
स्लैब कटेगा कैसे
नगर आयुक्त ने बैठक में नालियों का स्लैब काटने के लिए कंक्रीट कटर एवं पेट्रोल ड्रीलर खरीदने की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। ऐसे में सवाल है कि जब कटर है ही नहीं, तो स्लैब कटेगा कैसे। तीन दिनों में कैसे हो जाएगी इन नालियों की सफाई।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें