ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीसबसे ऊंचे पायदान पर ले जाएंगे झारखंड: रघुवर दास

सबसे ऊंचे पायदान पर ले जाएंगे झारखंड: रघुवर दास

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड को विकास के सबसे ऊंचे पायदान पर ले जाने का संकल्प जताया है। इस लक्ष्य के लिए जातिवाद और संप्रदायवाद से मुक्त श्रेष्ठ झारखंड बनाकर चुनौतियों से पार पाने का आह्वान किया...

सबसे ऊंचे पायदान पर ले जाएंगे झारखंड: रघुवर दास
हिन्दुस्तान टीम,रांचीWed, 15 Nov 2017 10:53 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड को विकास के सबसे ऊंचे पायदान पर ले जाने का संकल्प जताया है। इस लक्ष्य के लिए जातिवाद और संप्रदायवाद से मुक्त श्रेष्ठ झारखंड बनाकर चुनौतियों से पार पाने का आह्वान किया है। इसमें प्रदेश की सवा तीन करोड़ जनता का साथ मांगा है। मुख्यमंत्री अलग झारखंड राज्य के गठन के 17 साल पूरे होने के मौके पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में बोल रहे थे।

रघुवर दास ने कहा कि गरीबी के नाम पर सभी ने वोट लिया, लेकिन जनता को भगवान के भरोसे छोड़ दिया। इसलिए राज्य बर्बादी के कगार पर पहुंच गया। इस हालत से पार पाने के लिए अब केवल विकास की राजनीति करनी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोग भोले-भाले हैं, लेकिन धार्मिक स्वतंत्रता कानून आने के बाद कोई किसी को धमका कर या लोभ देकर धर्म परिवर्तन नहीं करा पाएगा। हम गरीब जरूर हैं, लेकिन हमारा धर्म बिकाऊ नहीं है।

न खाता हूं, न खाने दूंगा

रघुवर दास ने कहा कि मैं न खाता हूं, न खाने दूंगा। अगर आपको भी मेरी सरकार में कहीं से भ्रष्टाचार की गंध आए तो एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत करें। इस पर जरूर कार्रवाई होगी। झारखंड सरकार इसी नीति पर चल रही है। तीन साल पहले प्रदेश को स्कैम झारखंड के नाम से जाना जाता था। आज झारखंड की चर्चा केवल विकास के लिए होती है। बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके प्रदेश की छवि को सुधारने का मैंने जिम्मा लिया और इसमें कामयाब हुआ।

राज्य नहीं, केवल लोग गरीब

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संपदा से संपन्न हमारा राज्य गरीब नहीं है, लेकिन लोग गरीब हैं। आप खुद से ये सवाल जरूर पूछिए कि अबसे पहले किसने आपकी गरीबी दूर करने की कोशिश की। लेकिन प्रदेश की छवि बदल रही है। मशहूर अभिनेता अनुपम खेर ने भी बताया कि प्रदेश से बाहर भी झारखंड के विकास के बारे में सुनने को मिल रहा है।

मुख्य बातें:

केंद्र और राज्य सभी सरकारों के लिए हम अंडा देने वाली मुर्गी बने रहे। इसका दोहन तो सभी कर रहे थे। लेकिन आजाद कोई नहीं करना चाहता था। अटल जी ने ही अलग राज्य का तोहफा दिया।

झारखंड विकास दर वृद्धि में देश में दूसरे नंबर पर है। श्रम सुधारों में हम दो साल से लगातार पहले नंबर पर हैं। पिछले ढाई साल में हमने एक लाख से ज्यादा रोजगार और 14 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं।

पैसे के अभाव में कोई इलाज से वंचित नहीं रहेगा। इसलिए 68 लाख परिवारों में से 57 लाख परिवारों का प्रति परिवार दो-दो लाख रुपए का हम नि:शुल्क बीमा करवा रहे हैं। इसमें 980 छोटी-बड़ी बीमारियों की जांच से लेकर इलाज तक मुफ्त होगा।

ढाई साल पहले हमने जो सपने देखे थे, अब वो हकीकत में बदल रहे हैं। हालांकि, अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। लेकिन मुझे आपको ये बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हम विकास के रास्ते में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

मैं उन सभी लोगों को साथ आने का आह्वान करता हूं जो राह से भटक गए हैं। मैं अपने भाई-बहनों से अपील करता हूं कि वो नक्सलवादियों के झूठे वादों के चक्करों में नहीं पड़े। सरेंडर करें नहीं तो कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई होगी।

रघुवर दास, मुख्यमंत्री

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें