ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीवर्षों से बंद जपला सीमेंट कारखाना शीघ्र चालू कराया जाएगा: मुख्यमंत्री

वर्षों से बंद जपला सीमेंट कारखाना शीघ्र चालू कराया जाएगा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि वर्षों से बंद पड़े जपला सीमेंट कारखाना को शीघ्र चालू किया जाएगा। इस संबंध में चूना पत्थर की खदानों को झारखंड राज्य खनिज निगम को हस्तांतरित करने क लिए सेल से वार्ता...

वर्षों से बंद जपला सीमेंट कारखाना शीघ्र चालू कराया जाएगा: मुख्यमंत्री
Center,RanchiThu, 25 May 2017 05:48 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि वर्षों से बंद पड़े जपला सीमेंट कारखाना को शीघ्र चालू किया जाएगा। इस संबंध में चूना पत्थर की खदानों को झारखंड राज्य खनिज निगम को हस्तांतरित करने क लिए सेल से वार्ता हुई है और जल्द ही सेल की खदानों से जपला सीमेंट कारखाना को कच्चा माल उपलब्ध कराया जाएगा। जपला सीमेंट कारखाना के चालू होने से हजारों लोगों को रोजगार मिल सकेगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को पलामू के हरिहरगंज प्रखंड मुख्यालय के सीता उच्च उच्च विद्यालय में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में कन्यादान से भी ज्यादा महत्व विद्यादान का है। आज के इस प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में लड़कियों को शिक्षित करना अत्यंत जरूरी हो गया है, ताकि लड़कियां अपने व्यक्तित्व का विकास और आत्मविश्वास से एक बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें। पढ़ी-लिखी बेटियां ना सिर्फ अपने परिवार को बेहतर ढंग से चला सकती हैं बल्कि विपरीत परिस्थितियों का सामना सूझबूझ के साथ कर सकती हैं। दास ने कहा कि एक शिक्षित महिला पूरे परिवार को शिक्षित करती है। प्रदेश में एक ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जो कन्यादान से पहले बेटियों को पढ़ाने-लिखाने को प्राथमिकता दे। उन्होंने लोगों से अपील की कि राज्य के विकास में सहयोग दें तो वो दिन दूर नहीं जब झारखंड के हर गांव में विकास की बयार बहेगी। बगैर जन समर्थन के समृद्ध झारखंड की परिकल्पना को साकार नहीं किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पंचायत से कम से कम एक सौ युवकों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिलाने का काम किया जा रहा है। इससे हमारे राज्य के युवाओं का अन्य राज्यों में काम की तलाश में पलायन रूक सकेगा। उन्होंने पलामू व गढ़वा से हो रहे पलायन का जिक्र करते हुए कहा कि जनता सरकार पर विश्वास रखे। विकास को धरातल पर पहुंचाने के लिए कई पहल हो रही है। इसका परिणाम बहुत जल्द दिखने लगेगा। मौके पर पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने क्षेत्र में सिंचाई योजना के विस्तार की ओर मुख्यमंत्री का ध्यानकृष्ट कराया। विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने क्षेत्र में बेराजगारी को दूर करने पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें