ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीआंधी-तूफान के साथ तेज बारिश से भारी नुकसान, रामगढ़ में एनएच जाम

आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश से भारी नुकसान, रामगढ़ में एनएच जाम

छोटानागपुर (झारखंड) के रांची, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग समेत कई इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान लोहरदगा और रामगढ़ में कई पेड़ गिरे और कई घरों के छप्पर भी उड़ गये।...

आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश से भारी नुकसान, रामगढ़ में एनएच जाम
हिन्दुस्तान टीम,रांची रामगढ़ लोहरदगाFri, 26 May 2017 03:41 PM
ऐप पर पढ़ें

छोटानागपुर (झारखंड) के रांची, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग समेत कई इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान लोहरदगा और रामगढ़ में कई पेड़ गिरे और कई घरों के छप्पर भी उड़ गये। वहीं कुछ इलाकों में ओले भी गिरने की सूचना है। पेड़ गिरने से रामगढ़ में नेशनल हाईवे पर जाम लग गया है।
लोहरदगा में दो दर्जन से अधिक घरों को क्षति
लोहरदगा में तेज आंधी के साथ हुई बारिश की वजह से भारी नुकसान पहुंचा है। यहां सैकड़ों पेड़ और उसकी डालियां गिरने से दो दर्जन से अधिक घरों को क्षति हुई है। जबकि कई झोपड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। शहर में होर्डिंग्स गिरने से यातायात पर असर पड़ा। नालियों का कचरा सड़क पर आ जाने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई। यहां आम की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। यहां जिला प्रशासन ने क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। जिले के सेन्हा प्रखंड में भी कई घर और पेड़ गिरे हैं। शहर के थाना टोली में पेड़ गिरने से कई लोग बाल-बाल बचे गए। जबकि कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गये। तूफान से जगह-जगह बिजली की तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। आंधी से अजय उद्यान पार्क में भारी तबाही की खबर है।
रामगढ़ में तबाही का मंजर, जमकर गिरे ओले
रामगढ़ में आधे घंटे तक हुई जोरदार बारिश और तूफान ने तबाही का मंजर दिखा दिया। यहां कई जगहों पर दर्जनों पेड़ गिरे। इससे एनएच-33 (रांची-हजारीबाग रोड) पर कई जगह  जाम लग गया। यहां जमकर ओले गिरे हैं। इससे खेतों में तैयार फसल बर्बाद हो गया। इसके अलावा रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर के आस-पास भारी तबाही की सूचना है। यहां की करीब 100 दुकानें तेज हवा में उड़ गईं। लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
राजधानी में मौसम हुआ सुहावना
राजधानी में भी थोड़ी देर की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। यहां कई इलाकों में बारिश के साथ भीषण गर्मी से राहत मिली। आसपास के इलाकों में हो रही बारिश से ठंडी हवाएं चल रही हैं। कई दिनों से लगातार 40 डिग्री के आसपास चल रहे तापमान में अचानक कमी से लोगों को राहत मिली है। हिनू, डोरंडा धुर्वा क्षेत्र में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश की खबर है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें