ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीलालू यादव बोले, सरकार को गिराने का षडयंत्र कर रही भाजपा, समर्थन पर समय आने पर लेंगे निर्णय 

लालू यादव बोले, सरकार को गिराने का षडयंत्र कर रही भाजपा, समर्थन पर समय आने पर लेंगे निर्णय 

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार के राजनीति हालात पर समय आने पर निर्णय लेंगे। गठबंधन मजबूत है और जारी रहेगा। भाजपा पर बिफरते हुए उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को गिराने का षडयंत्र कर रही है।...

लालू यादव बोले, सरकार को गिराने का षडयंत्र कर रही भाजपा, समर्थन पर समय आने पर लेंगे निर्णय 
हिन्दुस्तान ब्यूरो,रांचीWed, 12 Jul 2017 09:41 PM
ऐप पर पढ़ें

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार के राजनीति हालात पर समय आने पर निर्णय लेंगे। गठबंधन मजबूत है और जारी रहेगा। भाजपा पर बिफरते हुए उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को गिराने का षडयंत्र कर रही है। भाजपा ने हमारे बेटा, बेटी को फंसाया। तेजस्वी तो बच्चा था। उस समय क्रिकेट खेलता था। उसे फंसाया गया है। लालू बुधवार की शाम पटना से रांची पहुंचे। राजकीय अतिथिशाला में वह हिन्दुस्तान से बातचीत कर रहे थे।

लालू प्रसाद ने कहा कि भाजपा कितना भी षडयंत्र कर ले, हमारी ओर से कोई गलती नहीं होने वाली है। भाजपा देश को टुकड़े-टुकड़े में बांटना चाहती है। उनकी पार्टी जनता के बीच जाएगी और भाजपा की करतूतों को उजागर करेगी। बिहार की जनता ने राजद-जदयू को सरकार चलाने का जनादेश दिया है, जिसे अस्थिर किया जा रहा है। उनकी पार्टी 27 अगस्त को पटना में रैली कर रही है, जिसमें भाजपा के षडयंत्र को उजागर किया जाएगा। उनके लोग जनता के बीच जा रहे हैं। उन्हें सीबीआई की अदालत में नहीं बुलाया जाता तो वे भी जनता के बीच रहते।

रमई राम ने भ्रम फैलाया
यह पूछने पर कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को अपने को निर्दोष साबित करने के लिए चार दिन का समय दिया है। लालू ने कहा, ऐसा कोई समय नहीं दिया गया है। नीतीश कुमार ने रमई राम से कहा था, चार बजे प्रेस कान्फ्रेंस करेंगे। रमई राम कमरे से बाहर निकल कर आए और मीडिया से कह दिया कि तेजस्वी यादव को चार दिन का समय दिया गया है।

बार-बार गवाही के लिए आना पड़ रहा
राजद प्रमुख ने कहा, राष्ट्रपति का चुनाव हो रहा है। इधर गवाही के लिए बार-बार रांची आना पड़ रहा है। हम कोर्ट का आदर करते हैं। जनता मालिक है। कौन गलत कर रहा है और कौन सही, जनता जवाब देगी।

भाजपा के कई मंत्री चार्जशीटेड
लालू ने कहा कि देश में बड़े-बड़े घोटाले हो रहे हैं। भाजपा के कई मंत्री चार्जशीटेड है। उनके खिलाफ क्यों नहीं कार्रवाई हो रही है। कोई किसी के खिलाफ एफआईआर कर देगा और वह दोषी हो जाएगा। हम भाजपा के मंत्रियों पर एफआईआर करा देंगे तो क्या नरेन्द्र मोदी उसे मंत्री पद से हटा देंगे। विजय माल्या देश छोड़कर भागा हुआ है। अडाणी पर भी गंभीर आरोप है।

न्यायापालिका में भी हेरारकी
लालू प्रसाद ने कहा कि न्यायपालिका में भी हेरारकी है। लोअर कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट और हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में पलट दिया जाता है। हर किसी को अंतिम न्यायालय तक अपील करने का संवैधानिक अधिकार है। जब हमारे ऊपर आरोप सिद्ध नहीं हो रहा है तो सजा किस बात की।

अमित साह इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के चीफ एडीटर
लालू ने कहा कि भाजपा ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को हाईजैक कर लिया है। भाजपा जो चाहती है वही दिखाया जाता है। अमित साह इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के चीफ एडीटर हैं।  उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से बातचीत से इंकार कर दिया। रांची की राजकीय अतिथिशाला पहुंचे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के किसी प्रतिनिधि से बात नहीं की।    

भाजपा के निशाने पर ममता, माया, अरविन्द
लालू ने कहा कि भाजपा के निशाने पर देश के कई बड़े नेता हैं। ममता बनर्जी, मायावती, अरविन्द केजरीवाल, हार्दिक पटेल को भाजपा निशाना साधे हुए है। उनको भी मौका मिलते फंसायेगी।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें