ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादझरिया में अभाव व बीमारी से मौत

झरिया में अभाव व बीमारी से मौत

झरिया में रिक्शा चालक की अभाव और बीमारी से मौत हो गई। बड़े भाई के नाम से चार वर्ष पहले तक बीपीएल कार्ड था, मगर उनकी मौत के बाद वह कार्ड कैंसल हो गया। वर्तमान में कोई भी राशन कार्ड उसके परिवार के पास...

झरिया में अभाव व बीमारी से मौत
हिन्दुस्तान टीम,धनबादSun, 22 Oct 2017 03:58 PM
ऐप पर पढ़ें

झरिया में रिक्शा चालक की अभाव और बीमारी से मौत हो गई। बड़े भाई के नाम से चार वर्ष पहले तक बीपीएल कार्ड था, मगर उनकी मौत के बाद वह कार्ड कैंसल हो गया। वर्तमान में कोई भी राशन कार्ड उसके परिवार के पास नहीं है। बेटी की शादी के लिए प्रयासरत था, मगर पैसों के अभाव में नहीं कर पाया। एक सप्ताह से बीमार था। इसलिए भोजन की व्यवस्था नहीं कर पा रहा था। पहले से दमे का मरीज, ऊपर से भोजन पर आफत।

प्रशासन बीमारी से मौत बता रहा है, जबकि पड़ोसियों का कहना है भूख से मौत हुई है। प्रशासन ने राहत स्वरूप 20 हजार रुपये का चेक उसके परिवार को दिया है। झरिया के भालगढ़ा तारा बगान नीचे धौड़ा निवासी रिक्शा चालक बैद्यनाथ रविदास (43) की मौत की सूचना पर झरिया सीओ केदारनाथ सिंह उसके घर पहुंचे। सीओ ने 20 हजार रुपये का चेक पत्नी को दिया। कहा कि पारिवारिक लाभ के तहत मिलनेवाली सभी सुविधाएं दी जाएगी। वृद्धा पेंशन भी चालू करा दिया जाएगा। उनके साथ झरिया इंस्पेक्टर उपेन्द्र नाथ राय, पार्षद शैलेन्द्र सिंह थे। पार्षद शैलेन्द्र सिंह ने दाह संस्कार में मदद की। प्रशासन ने रविवार को राशन पहुंचाने की बात कही है। इधर, सूचना कांग्रेसी सहित कई संगठन के नेता भी पहुंच गए। विरोधियों ने जिला प्रशासन और सरकार की आलोचना की। हालांकि धनबाद डीसी ए दोड्डे ने भूख से मौत होने से साफ इंकार किया है। कहा है कि बीमारी से मौत हुई है। बैद्यनाथ का दाह संस्कार दामोदर स्थित मोहलबनी घाट पर कर दिया गया।

कभी भोजन मिलता, कभी नहीं

आसपास के लोगों ने बताया कि बैद्यनाथ रिक्शा चला कर परिवार का भरण-पोषण करता था। एक माह से बीमार था। वह दमे का मरीज था। इलाज के लिए पैसे भी नहीं थे। एक सप्ताह से बिस्तर पर था। उसे समुचित भोजन नहीं मिल पा रहा था। कभी भोजन मिलता तो कभी नहीं। धनबाद के उपायुक्त ए दोड्डे ने कहा कि भूख से मौत नहीं हुई है। बैद्यनाथ दमा ग्रसित थे। स्वाभाविक मौत है। उसके बच्चे कमाते हैं। राशन कार्ड के लिए चार दिन पूर्व कागजात जमा करवा गया था। जल्द ही कार्ड दिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें