ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादसंतालः राजनाथ सिंह ने दी 3184 करोड़ की सौगात, बोले-नक्सली छोड़ें हिंसा

संतालः राजनाथ सिंह ने दी 3184 करोड़ की सौगात, बोले-नक्सली छोड़ें हिंसा

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नक्सलियों को हिंसा का रास्ता छोड़ना ही होगा। नक्सली आदिवासी और गरीब के बच्चे को बन्दूक थमा रहे हैं। हम उनके हाथों में कलम और कम्प्यूटर देना चाहते हैं। हिन्दुस्तान की...

संतालः राजनाथ सिंह ने दी 3184 करोड़ की सौगात, बोले-नक्सली छोड़ें हिंसा
वरीय संवाददाता,दुमकाFri, 22 Sep 2017 07:12 PM
ऐप पर पढ़ें

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नक्सलियों को हिंसा का रास्ता छोड़ना ही होगा। नक्सली आदिवासी और गरीब के बच्चे को बन्दूक थमा रहे हैं। हम उनके हाथों में कलम और कम्प्यूटर देना चाहते हैं। हिन्दुस्तान की धरती से नक्सलवाद समाप्त होकर रहेगा।

झारखंड सरकार के एक हजार दिन पूरे होने पर चल रहे समारोहों के समापन पर शुक्रवार को दुमका में समारोह सह गरीब कल्याण मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बटन दबाकर संताल परगना और गिरिडीह की कुल करीब 3184 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, ग्रामीण बस सेवा, फसल योजना, दुधारू मवेशी योजना के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। जिन योजनाओ का शिलान्यास किया गया, उनमें मयूराक्षी नदी पर बनने वाला राज्य का सबसे लंबा पुल शामिल है।पुल की लागत 194 करोड़ है।

नक्सलियों पर गृह मंत्री का तेवर काफी तल्ख था। गृह मंत्री ने कहा कि नक्सलियों के बड़े नेता ऐशो आराम का जीवन जी रहे हैं। अपने बच्चों को पढ़ा रहे हैं और गरीबों एवं आदिवासियों के बच्चों के हाथों में बंदूक थमा रहा हैं। नक्सलवाद के सफाये में झारखंड की जनता का सहयोग मांगते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जो भी आपके बच्चे को गुमराह कर रहा है उसे दो टूक जवाब दें। गृह मंत्री ने कहा कि बड़ा से बड़ा नक्सली नेता सरेंडर करे। उसका केस टू केस फैसला राज्य सरकार सरेंडर पलिसी के तहत करेगी।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार की 1000 दिन की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने करिश्माई काम किया है। अब झारखण्ड बदल चुका है। दुमका भी अब 15 साल पहले वाला दुमका नहीं रहा। लोगों के चेहरे पर जो चमक देख रहा हूँ, उससे काफी खुशी हो रही है। सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्य में झारखंड शामिल हो गया है। गृह मंत्री ने कहा कि सकल घरेलू उत्पादन झारखण्ड का 8.8 फीसदी हो चुका है।10 फीसदी होने की सम्भावना है। इज ऑफ़ डुइंग बिजनेस में झारखंड देश के 29वें राज्य से ऊपर आ कर 7वां राज्य बन चुका है।
प्रधानमंत्री के फैसलों की चर्चा करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 13वें वित्त आयोग में जहां 100 पैसे में राज्य को 32 पैसा मिलता था, उसे प्रधानमंत्री ने बढ़कर 42 पैसा कर दिया है। झारखण्ड को पहले 55253 करोड़ मिलता था। अब उसे बढ़ा कर सवा से डेढ़ लाख कर दिया गया है। गृह मंत्री ने नोटबंदी, उज्जवला योजना और जनधन योजना का खासतौर से उल्लेख किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 2019 तक झारखण्ड में बीपीएल नहीं रहेगा।संताल परगना को 60 साल से बिचौलिए लूटते रहे हैं। अब सरकार और जनता के बीच कोई बिचौलिया नहीं रहेगा। स्वराज प्राप्त हुआ, अब लोगों को सुराज प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद यहां के नेता अपनी मतपेटी भरते रहे पर जनता का विकास नहीं किया।
कल्याण मंत्री लुईस मरांडी ने स्वागत भाषण किया। मंत्री राज पालिवार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में मंत्री सीपी सिंह, रणधीर सिंह, नीरा यादव, अमर बाउरी, सीपी चौधरी, रामचंद्र चंद्रवंशी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ के साथ ही सांसद निशिकांत दुबे और रविंद्र राय मंच पर मौजूद थे।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें