ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादगिरिडीह में पकड़ा गया नक्सली दिलीप सोरेन

गिरिडीह में पकड़ा गया नक्सली दिलीप सोरेन

प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सदस्य दिलीप सोरेन को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया  है। वह सुरेश मरांडी के दस्ते का सदस्य है। निरंजन सिंह व शमशेर जंगी की हत्या में शामिल रहा है। उसके...

गिरिडीह में पकड़ा गया नक्सली दिलीप सोरेन
प्रतिनिधि,गिरिडीहSun, 20 Aug 2017 07:34 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सदस्य दिलीप सोरेन को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया  है। वह सुरेश मरांडी के दस्ते का सदस्य है। निरंजन सिंह व शमशेर जंगी की हत्या में शामिल रहा है। उसके पास से एक मोबाइल और सिम बरामद किया गया है। दिलीप की गिरफ्तारी एसडीपीओ सदर मनीष टोप्पो की अगुवाई में की गई छापामारी में हुई है। गिरफ्तार नक्सली को गिरिडीह पुलिस ने जेल भेज दिया है।
एसपी को सूचना मिली थी कि नक्सली कमांडर सुरेश मरांडी के दस्ते का सक्रिय सदस्य दिलीप अपने घर पर है। इसी सूचना पर एसडीपीओ सदर मनीष टोप्पो, मुफस्सिल थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी, पीरटांड़ थाना प्रभारी रुखसार अहमद, खुखरा थाना प्रभारी अनिल उरांव की टीम ने लाहाबारी गांव में छापामारी कर दिलीप को उसके घर से धर दबोचा। गिरफ्तार नक्सली ने 30 मई को पीरटांड़ के खेताडाबर के निरंजन सिंह की हत्या व बाद में ठेकेदार सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य शमशेर जंगी की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
लेवी नहीं देने के कारण की गई थी निरंजन की हत्या
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में दिलीप ने कई खुलासे किए हैं। निरंजन सिंह ने तालाब का ठेका लिया था। ठेकेदारी को लेकर नक्सली संगठन ने उससे लेवी की मांग की थी। लेवी नहीं देने के कारण निरंजन की हत्या की योजना बनायी गयी और 30 अप्रैल को खेताडाबर से गिरिडीह लौटने के क्रम में नक्सलियों ने निंरजन की हत्या गला रेतकर कर दी थी।
निरंजन के बाद बनी थी शमशेर की हत्या की योजना
पुलिस को दिलीप ने बताया है कि निरंजन की हत्या के बाद ही पीरटांड़ के चिलगा के पूर्व पंचायत समिति सदस्य सह ठेकेदार शमशेर जंगी की हत्या की योजना बनायी गयी थी। बाद में शमशेर की हत्या कर उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। उसकी भी हत्या लेवी के लिए की गई थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें