बेंगलुरु पुलिस ने बोकारो में पकड़े दो बड़े साइबर ठग
बेंगलुरु साइबर थाने की पुलिस ने शनिवार को बोकारो की झोपड़ी कॉलोनी और सेक्टर-12 में छापेमारी कर करोड़ों की ठगी करने वाले साइबर अपराधी सुनील कुमार सुमन और विप्लव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सिटी पुलिस की...
बेंगलुरु साइबर थाने की पुलिस ने शनिवार को बोकारो की झोपड़ी कॉलोनी और सेक्टर-12 में छापेमारी कर करोड़ों की ठगी करने वाले साइबर अपराधी सुनील कुमार सुमन और विप्लव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सिटी पुलिस की मदद से सुनील को झोपड़ी कॉलोनी तो विप्लव को सेक्टर-12 ए से दबोचा। बेंगलुरु के डीएसपी ने दोनों को बोकारो के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया। इसके बाद अपने साथ ले गए। दोनों के खिलाफ बेंगलुरु साइबर थाने में केस संख्या 11/17 दर्ज है।
वेबसाइट के जरिए ठगी
बेंगलुरु साइबर थाने के डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने मुनाफा ट्रेड डॉट कॉम नामक वेबसाइट बनाई है। उसके जरीए दोनों ने मिलकर बेंगलुरु समेत देश के विभिन्न हिस्सों से करोड़ो रुपए की ठगी की है। वेबसाइट के जरिए मोबाइल बेचने-खरीदने का झांसा देकर आधार और पेन नंबर के अलावा बैंक खाते की डिटेल हासिल की। इसके बाद झांसे में आए लोगों को ठगी का शिकार बनाते गए। बेंगलुरु के विभिन्न थानों में साइबर अपराध के मामले आने के बाद साइबर सेल को अनुसंधान के लिए हस्तांतरित किया गया। जांच के क्रम में दोनों साइबर अपराधियों को चिह्नित कर बोकारो में छापेमारी की गई।
कैफे से ठगी का संचालन
साइबर पुलिस ने बताया कि आरोपी विप्लव बोकारो के रिहायशी इलाके को-ऑपरेटिव कॉलोनी में साइबर कैफे चलाता है। इसी की आड़ में साइबर अपराध को अंजाम दे रहा था। इसी कैफे के जरिए उसने देशभर में लोगों को ठगी के जाल में फंसाया। बेंगलुरु की साइबर सेल आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी।