ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड चक्रधरपुरसावधान, यहां से बचकर निकलना, जानलेवा है ये पुलिया

सावधान, यहां से बचकर निकलना, जानलेवा है ये पुलिया

चक्रधरपुर प्रखंड मुख्यालय से लगभग बीस किमी दूर भरनिया पंचायत के गुंजा गांव में पुलिया टूट जाने से आवागमन में लोगों की परेशानी बढ़ गई...

सावधान, यहां से बचकर निकलना, जानलेवा है ये पुलिया
हिन्दुस्तान टीम,चक्रधरपुरWed, 12 Aug 2020 11:53 PM
ऐप पर पढ़ें

चक्रधरपुर प्रखंड मुख्यालय से लगभग बीस किमी दूर भरनिया पंचायत के गुंजा गांव में पुलिया टूट जाने से आवागमन में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गुंजा व भरनिया गांव को जोड़ने वाली सड़क पर बनी पुलिया लगभग सात महीने पहले क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। इससे चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लगभग सात महीने पहले पुलिया से एक चार पहिया वाहन गुजर रहा था, तभी पुलिया टूट गई। इसके बाद कई बार पुलिया की मरम्मत की मांग की गई है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लिहाजा जान जोखिम में डालकर पुलिया के बचे हुये हिस्से से लोग आना जाना करते हैं। यह किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रहा है। दो दर्जन गांव को जोड़ती है पुलिया:गुंजा व भरनिया गांव को जोड़ने वाली सड़क पर वर्षों पहले बनी पुलिया चक्रधरपुर शहर समेत लगभग दो दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ती है। स्थानीय लोग बताते हैं कि गांवों को जोड़ने के लिए यह पुलिया काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। चक्रधरपुर शहर के अलावा भरनिया, डुकरी, टोकलो, केरा समेत अन्य गांवों को यह पुलिया जोड़ती है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आना-जाना करते हैं। बारिश होने पर बढ़ जाती है परेशानी:स्थानीय लोग बताते हैं कि पुलिया का एक भाग टूटकर गिरने से पुलिया एक ओर से जाम हो गया है। इससे तेज बारिश होने से पानी सड़क पर आ जाता है। इस कारण अक्सर दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा पुलिया को नये सिरे से बनाने की आवश्यकता है, ताकि परेशानियों का सामना न करना पड़े। वर्जन: पुलिया के बारे में विधायक समेत अन्य जन प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है। अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है। पुलिया का एक भाग टूट गया है। पुलिया जर्जर होने की वजह से दूसरा भाग भी टूटकर गिर सकता है। इसलिए इसे जल्द से जल्द बनाया जाना चाहिए। सुशीला सामड, मुखिया, भरनिया पंचायत

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें