ये हैं Miss World का खिताब जीतने वाली 6 भारतीय सुंदरियां
एक और भारतीय सुंदरी ने दुनिया भर में अपना डंका बजा दिया है। भारत की मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब जीत लिया है। खूबसूरती का यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाली वह छठी भारतीय महिला है।...
ये हैं Miss World का खिताब जीतने वाली 6 भारतीय सुंदरियां
भारत की मानुषी छिल्लर ने आज मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब जीत लिया है। 17 सालों के बाद किसी भारतीय सुंदरी के सिर ये ताज सजा है। चीन के सान्या शहर में आयोजित मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में मानुषी ने खिताब अपने नाम किया। हरियाणा में पैदा हुईं 20 साल की मानुषी मेडिकल छात्रा हैं। इस साल मई में उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीता था।
एक और भारतीय सुंदरी ने दुनिया भर में अपना डंका बजा दिया है। खूबसूरती का यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाली मानुषी छठी भारतीय महिला है। हरियाणा से ताल्लुक रखने वाली मानुषी से पहले यह खिताब रीता फारिया, ऐश्वर्या राय, डायना हेडेन, युक्ता मुखी और प्रियंका चोपड़ा जीत चुकी हैं।
अगली स्लाइड में जानिए इन्हीं सुंदरियों के बारे में...
रीता फारिया, 1966
1966 में भारत की रीता फारिया ने मिस वर्ल्ड कॉन्टेस्ट जीता था। वह पहली भारतीय और एशियाई सुंदरी थी जिन्होंने इस प्रतियोगिता में जीत हासिल की थी। 1945 में गोवा में जन्मी रीता पेशे से डॉक्टर हैं। रीता मिस मुंबई और मिस इंडिया भी रहीं। रीता ने 1971 में एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डेविड पॉवेल से शादी की। अब वह आयरलैंड में रहती हैं।
ऐश्वर्या राय, 1994
ऐश्वर्या राय 1994 में मिस वर्ल्ड बनीं थी। मिस वर्ल्ड बनने के बाद ऐश्वर्या ने फिल्मी दुनिया में बेशुमार सफलताएं हासिल कीं। सफर फिल्मी करियर में वह कई हिट फिल्में दे चुकी हैं। 2009 में ऐश्वर्य राय को भारत सरकार ने पद्मश्री सम्मान दिया।
1 नवंबर 1973 को कर्नाटक के मंगलौर में जन्मी ऐश्वर्या ने वर्ष 2007 में बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन के साथ शादी की। उनकी एक लड़की है जिसका नाम आराध्या है।
डायना हेडेन, 1997
ऐश्वर्या राय के बाद 1997 में डायना हेडन ने इस प्रतियोगिता में जीत हासिल की। 1997 में ही डायना फेमिना मिस इंडिया भी बनी थीं। हैदराबाद में जन्मी डायना हेडन एंग्लो-इंडियन क्रिश्नचियन फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। मॉडलिंग में आने से पहले उन्होंने इवेंट मैनेजमेंट और पब्लिक रिलेशन के क्षेत्र में कार्य किया। वर्ष 2013 में वह अमेरिकी नागरिक कॉलिन डिक के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। 2008 में डायना ने टीवी के रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 2 में हिस्सा लिया।
युक्ता मुखी, 1999
युक्ता मुखी चौथी भारतीय सुंदरी थी जिन्होने 1999 में इस प्रतियोगिता का ताज अपने नाम किया था। युक्ता मुखी का जन्म 7 अक्टूबर, 1977 को बैंगलुरु में हुआ था। युक्ता के जन्म के बाद उनकी फैमिली दुबई शिफ्ट हो गई थी। 7 सालों तक दुबई में रहने के बाद उनका परिवार 1986 को मुंबई शिफ्ट हुआ। 93 देशों की विश्व सुंदरियों को पीछे छोड़ते हुए दिसंबर, 1999 में युक्ता ने मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम किया था। फैशन की दुनिया में खासी पहचान बनने के बाद युक्ता ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत तमिल फिल्म पोवेल्लम उन वसम (2001) से की थी। 2002 में आई 'प्यासा' से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। लेकिन फिल्मी दुनिया में युक्ता कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं। 6 फीट 1 इंच लंबाई के कारण युक्ता को फिल्में मिलने में दिक्कत आती थी। युक्ता ने 2008 में न्यूयॉर्क के प्रिंस तुली से शादी की थी लेकिन 2014 में उनका तलाक हो गया।
प्रियंका चोपड़ा, 2000
अपनी खूबसूरती और अपने बेहतरीन अभिनय से लाखों लोगों को अपना फैन बना चुकीं प्रियंका वर्ष 2000 में मिस वर्ल्ड बनी थीं। आज वह बॉलीवुड ही नहीं बल्कि हॉलीवुड में जमकर नाम कमा रही हैं। प्रियंका का जन्म 18 जुलाई, 1982 को झारखंड के जमशेदपुर में हुआ था।
प्रियंका अमेरिका में मिस इंडिया प्रतियोगिता की दूसरी विजेता रहीं और उन्होंने मिस इंडिया वर्ल्ड के खिताब के लिए प्रवेश किया, जिसमें उन्होंने मिस वर्ल्ड का ताज जीता। इस सम्मान को प्राप्त करने वाली वह पांचवीं भारतीय थीं। वर्ष 2002 में तमिल फिल्म 'थमिजहन' के साथ उन्होंने अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद बॉलीवुड में उन्होंने अंदाज, 'मुझसे शादी करोगी', 'डॉन', 'कृष', 'फैशन', 'बर्फी', 'मेरी कॉम', 'बाजीराव मस्तानी' जैसी कई हिट फिल्में दीं। हॉलीवुड में टेलीविजन सीरीज 'क्वांटिको' और फिल्म 'बेवॉच' में उनके काम के काफी सराहा गया। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और चार श्रेणियों में फिल्मफेयर पुरस्कार के सहित कई पुरस्कार और नामांकन प्राप्त किए हैं।
2016 में पद्मश्री से सम्मानित प्रियंका अब फिल्म प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी कदम रख चुकी हैं।
मानुषी छिल्लर, 2017
18 नवंबर 2017 को 20 साल की मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब जीता। डॉक्टर पैरेंट्स के घर की बेटी मानुषी ने दिल्ली के सेंट थॉमस स्कूल और सोनीपत के भगत फूल सिंह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज फॉर वूमेन से पढ़ाई की है। चिल्लर ने चीन के सान्या शहर एरीना में आयोजित समारोह में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से 108 सुंदरियों को पछाड़ कर यह खिताब अपने नाम किया। छिल्लर हरियाणा की रहने वाली हैं। मानुषी ने इस साल मई में मिस इंडिया का खिताब जीता था।
मिस वर्ल्ड की वेबसाइट पर मौजूद मानुषी के प्रोफाइल के अनुसार वह हृदय रोग सर्जन बनना चाहती हैं और ग्रामीण इलाकों में बहुत सारे गैर लाभकारी अस्पताल खोलना चाहती हैं। मानुषी प्रशिक्षित शास्त्रीय नत्यांग्ना हैं। उनको खेल-कूद में काफी दिलचस्पी है। स्केचिंग और पेटिंग भी उन्हें पसंद है।
वेबसासइट पर निजी जिंदगी का उनके मकसद के बारे में लिखा गया है, जब आप सपना देखना बंद कर देते हैं तो जीना बंद कर देते हैं और अपने सपनों में उड़ान भरने का हौसला खो देते हैं। खुद पर भरोसे की क्षमता आपकी जिंदगी को जीने लायक बनाती है।
मानुषी एक साल पहले तक कार्डियक सर्जन (दिल की डॉक्टर) की पढ़ाई कर रही थीं और अचानक पढ़ाई छोड़कर मॉडलिंग में हाथ आजमाया और मिस इंडिया प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गईं।
मानुषी के माता-पिता भी पेशे से डॉक्टर हैं। मानुषी की पढ़ाई दिल्ली के सेंट थॉम स्कूल और सोनीपत के भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज से हुई।
मानुषी ने मई 2017 में मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद ब्यूटी विद ए परपज प्रोजेक्ट के तहत उन्हें मासिक धर्म को लेकर महिलाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने का जिम्मा मिला। उन्होंने इसे प्रोजेक्ट शक्ति नाम दिया और 20 गांवों की करीब पांच हजार महिलाओं की जिंदगी में बदलाव लाईं।