हर्षिता मर्डर केस:हरियाणवी सिंगर की बहन ने अपने पति को बताया हत्यारा
हरियाणवी सिंगर एवं डांसर हर्षिता दहिया हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। हर्षिता की बड़ी बहन लता ने अपने पति (हर्षिता के जीजा) पर अपनी सिंगर बहन की हत्या का आरोप लगाया है। लता ने पानीपत पुलिस को...
हरियाणवी सिंगर एवं डांसर हर्षिता दहिया हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। हर्षिता की बड़ी बहन लता ने अपने पति (हर्षिता के जीजा) पर अपनी सिंगर बहन की हत्या का आरोप लगाया है। लता ने पानीपत पुलिस को बताया कि हर्षिता की हत्या उसके जीजा दिनेश ने करवाई है। गौरतलब है कि लता का पति दिनेश हर्षिता से रेप के आरोप में इनदिनों जेल में बंद है। दिनेश पर हर्षिता की मां की हत्या का भी आरोप है। उसने लता को भी धमकी दी थी। उधर, पानीपत के डीएसपी देशराज का कहना है कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।
हर्षिता के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर राजीव मान ने कहा कि उसके शरीर पर 7-8 गोलियों के घाव थे। तीन गोलियां बरामद हुई हैं। इनमें से एक गोली हर्षिता के छाती के नीचे वाले हिस्से व दो पिछले हिस्से से मिली हैं। शेष गोलियां शरीर के पार हो गईं। गोलियों के अलावा शरीर के किसी हिस्से में चोट का कोई निशान नहीं मिला है।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम काले रंग की कार में सवार बदमाशों ने हर्षिता को गोलियों से छलनी कर डाला था। हर्षिता कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी की प्रस्तावित रैली के विरोध में हुई एक बैठक से लौट रही थी। वह अपनी कार से सोनीपत की तरफ जा रही थी। पानीपत के पास इसराना में एक कार ने उन्हें ओवरटेक किया। बदमाशों ने हर्षिता की कार में सवार तीन अन्य लोगों को नीचे उतारकर उसे गोली मार दी।