फोटो गैलरी

Hindi News क्रिकेटचैंपियन्स ट्रॉफी प्रैक्टिस मैच: शमी, भुवी और विराट ने किया कमाल

चैंपियन्स ट्रॉफी प्रैक्टिस मैच: शमी, भुवी और विराट ने किया कमाल

पिछली चैम्पियन टीम इंडिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के अपने पहले अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 45 रन से हरा दिया। मैच में मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और कप्तान विराट...

चैंपियन्स ट्रॉफी प्रैक्टिस मैच: शमी, भुवी और विराट ने किया कमाल
लाइव हिन्दुस्तान टीम,लंदनMon, 29 May 2017 10:17 AM
ऐप पर पढ़ें

पिछली चैम्पियन टीम इंडिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के अपने पहले अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 45 रन से हरा दिया। मैच में मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और कप्तान विराट कोहली ने जबरदस्त पारी खेली।

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (47 रन पर तीन विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (28 रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी और कप्तान विराट कोहली के नाबाद 52 रन से गत चैंपियन भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्राफी से पूर्व अपने पहले अभ्यास मैच में रविवार को न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 45 रन से हरा दिया।
                
भारत ने न्यूजीलैंड को 38.4 ओवर में 189 रन पर ढेर करने के बाद 26 ओवर में तीन विकेट पर 129 रन बना लिये थे कि फिर भारी बारिश के कारण खेल रोक देना पड़ा। इसके बाद खेल संभव नहीं हो पाया और भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत विजेता घोषित किया गया। इस नियम के तहत 26 ओवर तक भारत को 84 रन बनाने थे जबकि वह 129 रन बना चुका था।

विराट ने 55 गेंदों में छह चौकों से 52 रन बनाए
               
कप्तान विराट ने 55 गेंदों में छह चौकों की मदद से नाबाद 52 रन की पारी खेली। उनके साथ विकेटकीपर महेन्द्र सिंह धोनी 21 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर नाबाद रहे। ओपनर शिखर धवन ने ओपनिंग के लिए अपना दावा मजबूत करते हुए 59 गेंदों में पांच चौकों के सहारे 4० रन की पारी खेली। अजिंक्या रहाणे ने सात रन बनायी जबकि दिनेश कार्तिक खाता नहीं खोल सके।

       
मोहम्मद शमी ने आठ ओवर में 47 रन पर तीन विकेट झटके

 

इससे पहले न्यूजीलैंड की पारी में मोहम्मद शमी ने आठ ओवर में 47 रन पर तीन विकेट झटके जबकि भुवनेश्वर ने 6.4 ओवर में 28 रन पर तीन विकेट निकाले। लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा ने चार ओवर में आठ रन पर दो विकेट लिये। चोट से उबरकर वापसी कर रहे आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी फिटनेस साबित करते हुए छह ओवर में 32 रन  पर एक विकेट लिया। तेज गेंदबाज उमेश यादव ने चार ओवर में 11 रन पर एक विकेट लिया।
                       
कप्तान विराट कोहली ने इस मैच में सात गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। हार्दिक पांड्या ने छह ओवर में 49 रन और जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 14 रन दिये लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। आईपीएल में अपनी फिटनेस से प्रभावित करने वाले शमी ने न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम के चार में तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। शमी ने मार्टिन गुप्तिल (नौ) , कप्तान केन विलियम्सन (आठ) और नील ब्रूम (शून्य) के विकेट लिये।

आईपीएल 10 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भुवनेश्वर ने कोरी एंडरसन (13), टिम साउदी (चार) और ट्रेंट बोल्ट (नौ) को अपना शिकार बनाया। जडेजा ने न्यूजीलैंड की पारी में सर्वाधिक 66 रन बनाने वाले ओपनर ल्यूक रोंची को बोल्ड किया। रोंची ने 63 गेंदों की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये। जडेजा ने कोलिन डी ग्रैंडहोम (चार)का भी विकेट लिया।
                      
आईपीएल से बाहर रहने वाले अश्विन अपनी फिटनेस साबित की

अपने कंधे की चोट के कारण पूरे आईपीएल से बाहर रहने वाले अश्विन ने छह ओवर की गेंदबाजी में अपनी फिटनेस साबित की और मिशेल सैंटनर (12) को जडेजा के हाथों कैच कराया। उमेश यादव ने एडम मिल्ने (नौ) का विकेट लिया।
                    
पूर्व कप्तान और विकेटकीपर महेन्द्र सिंह धौनी ने विकेट के पीछे ब्रूम, ग्रैंडहोम और मिल्ने के शिकार किये। जेम्स नीशम 47 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। नीशम ने न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 126 रन से उबाकर 189 तक पहुंचाया।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें