फोटो गैलरी

Hindi News ओपिनियन ताजा ओपिनियनकाश हर रात ही दिवाली हो

काश हर रात ही दिवाली हो

तकरीबन हर त्योहार का ही बाजार से एक नाता होता है। हर त्योहार पर खरीदारी होती है, बाजार सजते हैं और मेले लगते हैं। कम या ज्यादा, हाट और बाजार हमारी हर खुशी, हर परंपरा, हर रस्म-रिवाज का एक हिस्सा रहे...

काश हर रात ही दिवाली हो
हरजिंदर, हेड-थॉट, हिन्दुस्तानTue, 17 Oct 2017 11:02 PM
ऐप पर पढ़ें

तकरीबन हर त्योहार का ही बाजार से एक नाता होता है। हर त्योहार पर खरीदारी होती है, बाजार सजते हैं और मेले लगते हैं। कम या ज्यादा, हाट और बाजार हमारी हर खुशी, हर परंपरा, हर रस्म-रिवाज का एक हिस्सा रहे हैं। यह ठीक है कि हम अपने त्योहारों की ज्यादातर तैयारियां अपने चूल्हे-चौके और घर-आंगन में ही कर लेते हैं, या कुछ चीजें मुहल्ला और गांव स्तर पर होती हैं और बाजार इसके लिए कच्चे माल की आपूर्ति भर करता है। लेकिन आप हर त्योहार की रौनक को शहर, कस्बे और गांव के छोटे-बड़े बाजारों में महसूस कर सकते हैं। होली हो, वसंत पंचमी हो या रक्षाबंधन ज्यादातर त्योहारों में बाजार एक सहायक की भूमिका में होता है। हर त्योहार में ढेर सारे रंग और उमंग होते हैं, जिनमें एक रंग और उमंग बाजार की भी होती है। एक तरह से यह इसलिए होता है कि हमारे ज्यादातर  त्योहार कहीं न कहीं कृषि समाज की हमारी सदियों पुरानी आर्थिकी से जुड़े हैं। अच्छी फसल, अच्छी उपज और उससे आई आमदनी त्योहार की खुशियों का एक बड़ा कारक रही है।

लेकिन दीपावली इन सबसे अलग है। हालांकि बाकी त्योहारों की तरह यह भी फसल से जुड़ी है, लेकिन दीपावली अकेला ऐसा त्योहार है, जिसमें बाजार केंद्रीय भूमिका में आ जाता है। जितना हम अपने घरों को सजाते हैं, उतना ही बाजार भी सजते हैं। या शायद उससे ज्यादा ही सजते होंगे। त्योहार की खुशियों का बाजार में विस्तार जितना दीपावली पर दिखाई देता है, उतना किसी दूसरे मौके पर नहीं दिखता। बाजारों में जितनी भीड़ दीपावली के आस-पास होती है, उतनी साल भर में शायद ही कभी और होती हो। इसीलिए अक्सर यह कहा जाता है कि दीपावली बाजार का ही त्योहार है। वैसे एक तरह से यह बाजार का त्योहार है भी, क्योंकि आमतौर पर व्यापारी लोग इस दिन अपने नए साल की शुरुआत करते हैं। नए साल की शुरुआत का इससे अच्छा दिन और हो भी क्या सकता है? शेयर बाजारों का मुहूर्त कारोबार भी इसी दिन होता है। पूरे साल में यह अकेली ऐसी छुट्टी होती है, जब शेयर बाजार कुछ देर के लिए कारोबार करते हैं। लेकिन यह मानना शायद गलत होगा कि बाजार ही इस त्योहार को हवा देता है। दीपावली अकेला ऐसा त्योहार है, जिसमें हमारा समाज बाजार के महत्व को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से स्वीकार करता है। 
बाकी त्योहारों से दीपावली के रंग और उमंग सबसे अलग इसलिए भी होते हैं, क्योंकि यह ऐसा त्योहार है, जिसमें हम निजी तौर पर अपनी और अपने परिवार की खुशहाली की बात करते हैं, दरिद्रता को भगाने की बात करते हैं। घर-आंगन के अंधेरे कोनों को प्रकाश से भरने की कोशिश करते हैं।

घर छोटा हो या बड़ा, दरिद्रता से मुक्ति की अभिलाषा इस दिन हर जगह, हर मन में दिखती है। बाजारों और बड़े शहरों की चकाचौंध को देखकर दीपावली को अक्सर अमीरों का त्योहार कह दिया जाता है। पर वास्तव में यह अमीरों का नहीं, अमीरी का त्योहार है, हर मन में पल रही अमीरी की कामना का त्योहार है। गरीब भी इसे उसी कामना के साथ मनाते हैं। इस उम्मीद में कि धन की देवी उनके घर को भी खुशियों से भर देंगी। तमाम बाधाओं और परेशानियों को लांघते हुए गरीब भी इस दिन कोशिश करता है कि वह यथासंभव एक दो दीये जलाकर अपनी दुनिया रोशन कर ले। वह मिठाई का एक छोटा सा टुकड़ा खाकर जिंदगी की बाकी कड़वाहट को भूलने की कोशिश करता है। बाकी दिन भले ही भारतीय संस्कृति दरिद्रता का महिमा मंडन करती हो, लेकिन इस दिन समृद्धि का भाव ही सब कुछ होता है। यह एक ऐसा त्योहार है, जिसका आध्यात्मिक पक्ष चाहे जितना भी बड़ा हो, लेकिन भौतिक कामनाओं वाला उसका पक्ष कहीं ज्यादा बड़ा है।  
दीपावली इस बात का स्वीकार भी है कि हमारी खुशहाली और समृद्धि में बाजार एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह ठीक है कि खुशहाली और समृद्धि बाजार के जरिए नहीं आती, बाजार इसका माध्यम नहीं है। लेकिन किसी समाज की खुशहाली और समृद्धि को मापने का सबसे अच्छा पैमाना उसका बाजार ही होता है। ऐसा नहीं हो सकता कि समाज खुशहाल हो जाए और बाजार में  उल्लू बोलते रहें।

अगर समाज में दरिद्रता है और बाजार में कहीं खुशहाली दिख भी रही हो, तो उस खुशहाली में जरूर ही कुछ खोट है। बाजार और समाज एक साथ निखरते हैं, एक साथ आगे बढ़ते हैं। आधुनिक अर्थशास्त्र भले ही इन बातों को आज कहता हो, लेकिन दीपावली इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति ने इस मर्म को सदियों पहले ही समझ लिया था। यह बात अलग है कि हमारी राजनीति और आर्थिक नीतियों ने इस बात को समझने में बहुत समय लगा दिया कि व्यक्ति और बाजार की समृद्धि से ही समाज की खुशहाली का रास्ता तैयार हो सकता है। हमारी सबसे बड़ी चुनौती दीपावली की इसी भावना, इसी समझ को विस्तार देने की है। खुशहाली और समृद्धि की जिस भावना को हमारा समाज साल में बस एक दिन जीता है, उसके दायरे को सभी 365 दिनों तक ले जाने की जरूरत है। हमारी जिंदगी, हमारे समाज के न जाने कितने ऐसे कोने हैं, जिन्हें एकाध दिन नहीं, बल्कि हर दिन, हर समय रोशन करना होगा। लोड शेडिंग वाले समाज को अक्षय ऊर्जा की अबाध आपूर्ति वाले समाज में बदलना एक ऐसा संकल्प है, जिसके बारे में हम दीपावली वाले दिन ही सोच सकते हैं। दीपावली के दिन अगर बाजार में आपकी आंखें चुंधिया रही हों, तो पश्चिमी देशों के उन बड़े और नामी-गिरामी बाजारों को याद कर लीजिए, जहां हर दिन, हर अवसर पर उससे कहीं ज्यादा चकाचौंध होती है। यह चकाचौंध बाजार की किसी अपनी ताकत की वजह से नहीं है, बल्कि उनके समाज की समृद्धि के कारण है। हमारा लक्ष्य भी ऐसी ही समृद्धि, ऐसी ही चकाचौंध का  होना चाहिए। आइए, इस दीपावली धन की देवी से यही वरदान मांगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें