ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारभाजपा के आरोप सच हैं तो जांच करे केंद्र : नीतीश

भाजपा के आरोप सच हैं तो जांच करे केंद्र : नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सुशील मोदी के लालू प्रसाद पर लगाए आरोप सही हैं तो केंद्र जांच करे। कानूनी रूप से गलत साबित कर सकते हैं तो वे कानून का सहारा लें, लेकिन ऐसा नहीं कर वे सिर्फ पब्लिसिटी...

भाजपा के आरोप सच हैं तो जांच करे केंद्र : नीतीश
पटना। हिन्दुस्तान ब्यूरोMon, 15 May 2017 09:17 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सुशील मोदी के लालू प्रसाद पर लगाए आरोप सही हैं तो केंद्र जांच करे। कानूनी रूप से गलत साबित कर सकते हैं तो वे कानून का सहारा लें, लेकिन ऐसा नहीं कर वे सिर्फ पब्लिसिटी के लिए रोज सिर्फ बयान दे रहे हैं। 

मुख्यमंत्री लोक संवाद के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी और भाजपा आरोप लग रहे हैं, जिसका जवाब लालू जी और राजद द्वारा दिया गया है। इसमें तीसरे पक्ष की प्रतिक्रिया की क्या जरूरत है। दूसरे पक्ष (सुशील मोदी) पर भी आरोप लग रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के सारे आरोप केंद्र के दायरे में आते हैं। आज तक जांच-पड़ताल करके कोई बात सामने नहीं आई है। सिर्फ आरोप लगे हैं। कंपनी लॉ केंद्र का ही है। यह राज्य सरकार का विषय ही नहीं है। एक ऐसा वातावरण बनाया जा रहा है, जिसका मकसद राज्य सरकार के काम को गौण करना है, इसलिए हम अपना काम करते हैं। अपने सहयोगियों को भी कहा है कि काम में दिलचस्पी रखिए। जनता हमारे काम को देख रही है। लोगों के दिमाग को डायवर्ट करने की कोशिश हो रही है। 

संपत्ति का ब्योरा का कानून से संबंध नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार पहला राज्य है जो 2011 से सभी मंत्रियों, विधायकों, पदाधिकारियों की संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक कर रहा है। हर साल ये अपनी संपत्ति की घोषणा करते हैं। यह कानून के तहत नहीं होता है। यह सामाजिक और नैतिक मूल्य की बात है। मुझे विश्वास है कि सभी सही-सही जानकरी अपनी संपत्ति के ब्योरे में देते हैं। सार्वजनिक जीवन में सिर्फ कानून की अहमियत नहीं है। नैतिक मूल्य भी होता है। 
ईवीएम से ही हो चुनाव 
मुख्यमंत्री ने कहा कि जदयू की राय है कि चुनाव ईवीएम से ही होना चाहिए। बैलेट पेपर का जमाना लद गया है। वीवी पैट भी लागू होना चाहिए, लेकिन ईवीएम को लेकर जो आशंकाएं उठ रही हैं, उन्हें भी दूर किया जाना चाहिए। 

सीएम ने चुप्पी तोड़ी, मगर बचाव में दिखे : मोदी
पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को कहा कि उनके आरोप लगाने के 40 दिन बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू परिवार की बेनामी संपत्ति पर चुप्पी तो तोड़ी लेकिन वह बचाव में खड़े दिखे। मोदी ने कहा कि केन्द्र सरकार तो लालू परिवार की 1500 करोड़ की बेनामी संपत्ति पर कार्रवाई करेगी, मगर मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने जू में मिट्टी घोटाला, पर्यावरण नियमों का उल्लंघन कर बन रहे मॉल, तेजस्वी-तेजप्रताप द्वारा मंत्री के रूप में पटना, औरंगाबाद समेत दान में मिली जमीन की जानकारी छुपाने के खिलाफ क्या कार्रवाई की है। 

आरोपों की जांच हो तो मोदी परिवार समेत जेल में होंगे : पूर्वे
बिहार प्रदेश राजद अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने कहा है कि मनोज झा एवं अन्य राजद प्रवक्ताओं द्वारा भाजपा नेता सुशील मोदी पर लगाए गए आरोपों की यदि जांच हो जाए, तो मोदी परिवार समेत जेल में होंगे। मोदी के बयान को लेकर पूछे गए एक सवाल पर पूर्वे ने कहा कि 27 अगस्त को पटना के गांधी मैदान में होने वाली राजद की ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’ रैली को लालू प्रसाद जरूर संबोधित करेंगे। कहा कि राजद द्वारा इस रैली की घोषणा से भाजपा की घबराहट बढ़ गई है। इसी घबराहट में सुशील मोदी ‘ऊपर’ के इशारे पर रोज अनर्गल और तथ्यहीन बयान दे रहे हैं। रोज एक ही बात उलट-पुलट कर दुहरा रहे हैं। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें