ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाजब लोगों के कदम रखते ही दो भागों में बटने लगा बिहार का यह पुल...

जब लोगों के कदम रखते ही दो भागों में बटने लगा बिहार का यह पुल...

आंधी-पानी ने पटना में एक बार फिर कहर बरपाया। मंगलवार को आई तेज आंधी के कारण दानापुर दियारा का लाइफलाइन कहा जानेवाला पीपा पुल दो भागों में बंट गया। अचानक पुल के दो भागों में बंटने से अफरातफरी मच गयी।...

pul
1/ 5pul
pul
2/ 5pul
pul
3/ 5pul
pul
4/ 5pul
pul
5/ 5pul
हिन्दुस्तान टीम,पटनाWed, 24 May 2017 06:09 AM
ऐप पर पढ़ें

आंधी-पानी ने पटना में एक बार फिर कहर बरपाया। मंगलवार को आई तेज आंधी के कारण दानापुर दियारा का लाइफलाइन कहा जानेवाला पीपा पुल दो भागों में बंट गया। अचानक पुल के दो भागों में बंटने से अफरातफरी मच गयी। लोग किसी तरह जान बचाकर भागे।  

एक हिस्सा अलग होकर दियारा की तरफ जाकर किनारे लग गया। दर्जनों गाड़ियां टूटे हुए पीपा पुल पर फंस गयीं। लोग मजबूर होकर पुल पर ही गाड़ियां छोड़कर नाव से किनारे उतरे। वहीं दियारा में फंसे वाहनों को छपरा की ओर लौटना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक मौसम में करवट ली। धूल भरी आंधी चलने लगी। चारों ओर धुंध और अंधेरा छा गया। तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होने लगी। देखते ही देखते पुल दो भागों में बंट गया।  

लंगर नहीं डालने से टूटा पीपा
दियारावासियों ने बताया कि पीपा में जगह-जगह लंगर नहीं डालने से थोड़ी सी आंधी में दोबारा पुल टूटकर अलग हो गया है। अगर लंगर डाला गया रहता तो आंधी में पुल बचा रहता। 

30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा 
धूल भरी आंधी के समय 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। इसने जिले के कई इलाकों के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। 

दियारा से संपर्क के लिए नाव ही एकमात्र सहारा 
पुल खुलते ही दियारा जाने का एक मात्र सहारा नाव रह गया है। पुल टूटने के बाद नाविक ओवरलोड नाव से ही लोगों को नदी पार कराने लगे। एक नाव पर सौ से अधिक यात्री और बाइक लादे जाने लगे।  

सात मई को भी टूटा था पुल 
इससे पहले 7 मई को भी आंधी में दानापुर पीपा पुल खुल गया था। तब भी एक हिस्सा अलग हो गया था। लगभग एक पखवारे बाद ही फिर से पुल खुल गया। हालांकि तब तीन दिन बाद ही पुल चालू कर दिया गया था। 

तापमान में 3 डिग्री गिरावट
 हवा के साथ बारिश होने से तापमान में एकाएक तीन से चार डिग्री गिरावट आ गई। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 39.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक होने के साथ 28.2 डिग्री रहा। 

जारी रहेगा मौसम में उतार-चढ़ाव
मंगलवार रात 10 बजे के बाद पटना का तापमान 30 डिग्री पर पहुंच गया। रात में 13 किमी प्रति घंटे से हवा चल रही थी। मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी दिन में तीखी धूप होने के साथ ही हवा भी चलेगी। अगले चार दिनों तक मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। तापमान में एक-दो डिग्री नीचे उचर हो सकता है। 48 घंटे में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। 

कई जगह गिरे पेड़
आंधी से शाहपुर थाना के पास एनएच 30 पर एक नीम का पेड़ गिर गया। इससे बिजली का तार टूट गया। पेड़ गिरने से थोड़ी देर के लिए आवागमन भी बाधित रहा। जिले के अन्य इलाकों से भी पेड़ गिरने की सूचना है। वहीं, पीएमसीएच में भी अफरातफरी मच गई। बाहर खड़े मरीज और परिजन जान बचाकर भागे।

मनेर-बिहटा ट्रांसमिशन लाइन खराबी
आंधी-पानी से पूरे जिले की बिजली काट दी गई। कई जगह आंधी समाप्त होते ही बिजली आ गई लेकिन मनेर सहित कई इलाकों में बिजली देर शाम तक चालू नहीं हो सकी। तेज आंधी के कारण मनेर बिहटा ट्रांसमिशन लाइन में खराबी आ गई। देर शाम तक इससे आपूर्ति चालू नहीं हो सकी थी। बिजली कंपनी के लोगों ने बताया कि फॉल्ट खोजा जा रहा है। देर रात तक आपूर्ति बहाल हो जाने की उम्मीद है।

ठनका की चपेट में आने से तीन जख्मी
बाढ़ प्रखंड के इस्माइलपुर गांव में मंगलवार की दोपहर को तेज आंधी और बरसात के दौरान ठनका गिरने से उसकी चपेट में आने के कारण एक ही परिवार की तीन महिलाएं झुलस गईं। तीनों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पेड़ के नीचे अर्जुन पासवान की पत्नी, दो नतनी ज्योति और रीना पानी से बचने के लिए बैठी थी। इसी दौरान ठनका गिर पड़ा। घटना की जानकारी होने के बाद तुरंत ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन फानन में चिकित्सालय में भर्ती कराया। तीनों की स्थिति खतरे से बाहर है। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें